शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे 28 नवंबर को महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे. इससे पहले खबरें थी कि उद्धव ठाकरे 1 दिसंबर को शपथ लेंगे. कांग्रेस नेता बाला साहेब थोराट ने मंगलवार देर रात कहा कि उद्धव ठाकरे 28 नवंबर को शिवाजी पार्क में सीएम पद की शपथ लेंगे. उन्होंने कहा कि विधायकों को अपने क्षेत्र में लौटना है. जिसके कारण शपथ ग्रहण को पहले करना पड़ रहा है. शपथ ग्रहण समारोह शाम 6.40 बजे होगा.
मुंबई के शिवाजी पार्क में होने वाले शपथ ग्रहण समारोह में बीजेपी अध्यक्ष और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को भी न्योता भेजा जाएगा. शिवसेना प्रवक्ता संजय राउत से जब सवाल किया गया कि क्या शपथ ग्रहण में पीएम मोदी को भी न्योता भेजा जाएगा तो उन्होंने कहा कि हां, हम सबको निमंत्रण भेजेंगे. हम अमित शाह को भी न्योता भेजेंगे.
Swearing in ceremony of Uddhav Thackeray as Maharashtra Chief Minister preponed to 28th November.
— ANI (@ANI)
इससे पहले को महाराष्ट्र विकास अघाड़ी का नेता चुन लिया गया. इसके बाद उन्होंने कांग्रेस, शिवसेना और एनसीपी के नेताओं को संबोधित करते हुए कहा कि मेरे हिंदुत्व में झूठ नहीं है. बीजेपी ने हमसे दोस्ती तोड़ी है, लेकिन मैं मोठाभाई (बड़े भाई) से मिलने दिल्ली जाऊंगा. उन्होंने कहा कि जो 30 साल से साथ थे, उन्होंने भरोसा नहीं किया. बालासाहेब ठाकरे कहते थे कि जिसको जुबान दे दी तो पीछे मत हटो.

उन्होंने कहा कि हम इस महाराष्ट्र को एक बार फिर से बना देंगे, जैसा छत्रपति शिवाजी महाराज ने सपना देखा था. उन्होंने कहा कि किसानों का मुद्दा मेरे लिए सबसे अहम है.
राज्यपाल ने बुलाया विशेष सत्र
महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ने बुधवार को विधानसभा का विशेष सत्र बुलाया है. राज्यपाल ने सुबह 8 बजे विधानसभा का सत्र बुलाया है. बता दें कि महाराष्ट्र के सीएम देवेंद्र फडणवीस ने मंगलवार को सीएम पद से इस्तीफा दे दिया. महाराष्ट्र में सरकार गठन को लेकर जारी संकट के बीच सुप्रीम कोर्ट ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को बुधवार को विधानसभा में शक्तिपरीक्षण के जरिए अपना बहुमत साबित करने का निर्देश दिया था.
प्रोटेम स्पीकर दिलाएंगे शपथ
भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के विधायक कालिदास कोलंबकर प्रोटेम स्पीकर बन गए हैं. उन्हें भगत सिंह कोश्यारी ने मंगलवार को शपथ दिलाई. प्रोटेम स्पीकर ही सभी विधायकों को शपथ दिलाएंगे. सदन के वरिष्ठतम सदस्य को प्रोटेम स्पीकर नियुक्त किया जाता है. सबसे अधिक बार चुनकर आए विधायक को प्रोटेम स्पीकर बनाया जाता है, जिसे राज्यपाल मनोनित करते हैं.