महाराष्ट्र के जालना जिले से मानवता को शर्मसार करने वाला एक मामला सामने आया है. यहां पैसों की मांग को लेकर एक मासूम बच्चे को बेरहमी से प्रताड़ित किया गया. बच्चे के हाथ-पैर बांधकर उसकी पिटाई की गई और इस पूरी घटना का वीडियो भी बनाया गया. वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस प्रशासन हरकत में आया और बच्चे को सुरक्षित मुक्त कराया.
जानकारी के अनुसार वायरल वीडियो में एक मासूम बच्चा रोता हुआ दिखाई दे रहा था, जबकि एक शख्स उसकी बेरहमी से पिटाई कर रहा था. वीडियो सामने आते ही जालना पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया और तकनीकी तथा मानवीय सूत्रों के आधार पर जांच शुरू की. जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि पीड़ित बच्चा जाफराबाद क्षेत्र का रहने वाला है. इसके बाद पुलिस टीम ने बच्चे का पता लगाकर उसे सुरक्षित बचा लिया. मामले की जांच में जो तथ्य सामने आए, उन्होंने सभी को हैरान कर दिया.
वायरल वीडियो ने खोली मासूम पर हो रहे अत्याचार की परतें
पुलिस के अनुसार बच्चे की मां का दूसरा पति किसी व्यक्ति से पैसों की मांग कर रहा था. आरोप है कि पैसे नहीं मिलने पर उसने मासूम बच्चे को निशाना बनाया. वह बच्चे को प्रताड़ित कर रहा था और उसकी पिटाई का वीडियो बनाकर संबंधित व्यक्ति पर दबाव बनाने की कोशिश कर रहा था. इतना ही नहीं, आरोपी ने पैसे नहीं मिलने पर बच्चे को और अधिक प्रताड़ित करने की धमकी भी दी थी. वायरल वीडियो में दिखाई गई क्रूरता ने लोगों को झकझोर कर रख दिया और सोशल मीडिया पर मामले को लेकर काफी नाराजगी देखने को मिली.
वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बच्चे की मां और उसके दूसरे पति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी. पुलिस ने बच्चे को सुरक्षित संरक्षण में लिया है. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पीड़ित बच्चे को बाल कल्याण समिति के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा. आवश्यक प्रक्रिया पूरी होने के बाद उसे उसके रिश्तेदारों की देखरेख में सौंपा जाएगा ताकि उसकी सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके.
बाल कल्याण समिति के समक्ष पेश होगा पीड़ित बच्चा
इस मामले में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट, जबरन वसूली और अन्य गंभीर धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया है. जांच में यह भी सामने आया कि मारपीट की घटना शिर्डी क्षेत्र में हुई थी. इसी कारण जालना पुलिस ने जीरो एफआईआर दर्ज कर मामला आगे की जांच के लिए शिर्डी पुलिस को स्थानांतरित कर दिया है. फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है. वहीं मासूम बच्चे को सुरक्षित बचा लिए जाने के बाद राहत की बात सामने आई है, लेकिन वायरल वीडियो ने एक बार फिर बच्चों के खिलाफ होने वाले अत्याचारों को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.