scorecardresearch
 

'बस दीपिका पादुकोण की नहीं, बल्कि...', जानें- ऐसा क्यों बोलीं मुंबई की मेयर

मुंबई में बढ़ते वायु प्रदूषण को लेकर बॉलीवुड एक्ट्रेस दीपिका पादुकोण ने सोशल मीडिया पर सवाल उठाए हैं. उनके इस पोस्ट के बाद शहर की खराब हवा और प्रशासन की तैयारी को लेकर बहस छिड़ गई है.

Advertisement
X
मुंबई की हवा पर बॉलीवुड एक्ट्रेस दीपिका पादुकोण (Photo: PTI)
मुंबई की हवा पर बॉलीवुड एक्ट्रेस दीपिका पादुकोण (Photo: PTI)

मुंबई में बढ़ते वायु प्रदूषण को लेकर बॉलीवुड एक्ट्रेस दीपिका पादुकोण ने तीखे सवाल उठाए हैं. उन्होंने सोशल मीडिया पर शहर की खराब हवा को लेकर गहरी चिंता जताई और प्रशासन से पूछा कि इस स्थिति को सुधारने के लिए आखिर क्या कदम उठाए जा रहे हैं. दीपिका पादुकोण की इस टिप्पणी पर मुंबई की मेयर रितु तावड़े ने भी जवाब दिया है. मेयर का कहना है कि नगर निगम किसी एक खास व्यक्ति के लिए नहीं, बल्कि सभी मुंबईवासियों की समस्याओं को ध्यान में रखकर काम कर रहा है.

दरअसल, दीपिका पादुकोण ने अपने इंस्टाग्राम पर एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) का डेटा शेयर करते हुए दिखाया कि मुंबई की हवा का स्तर 150 के आसपास पहुंच गया है. उन्होंने साफ कहा कि बिगड़ती हवा के कारण लोगों, खासकर बच्चों को सांस लेने में काफी दिक्कत हो रही है. इसी को लेकर उन्होंने बीएमसी (BMC) अधिकारियों को टैग करते हुए जवाब मांगा था. 

न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, मेयर रितु तावड़े का कहना है कि मुंबई में इस समय मेट्रो और रेलवे जैसे कई बड़े प्रोजेक्ट्स पर काम चल रहा है. पिछले कुछ सालों में इंफ्रास्ट्रक्चर के काम में काफी तेजी आई है, जिसकी वजह से निर्माण स्थलों पर धूल ज्यादा उड़ रही है. इन्हीं विकास कार्यों की वजह से शहर में धूल और प्रदूषण का स्तर बढ़ा है, जिसे कम करने के लिए प्रशासन लगातार कोशिशें कर रहा है.

Advertisement

प्रदूषण रोकने के लिए बीएमसी ने कसी कमर

मेयर रितु तावड़े ने इस पर जानकारी दी है कि बीएमसी ने इन बड़े प्रोजेक्ट्स पर काम करने वाली एजेंसियों और ठेकेदारों के लिए कड़े नियम जारी किए हैं. उन्हें साफ कह दिया गया है कि धूल को काबू करने के लिए जो भी जरूरी कदम हैं, उन्हें हर हाल में उठाना होगा. लापरवाही करने वाले ठेकेदारों पर एक्शन भी लिया जाएगा, ताकि काम के दौरान उड़ने वाली धूल से लोगों को कोई दिक्कत न हो.

साफ हवा के लिए बढ़ाई जाएगी सख्ती

प्रशासन का कहना है कि आने वाले दिनों में इन नियमों को और भी कड़े ढंग से लागू किया जाएगा. नगर निगम की कोशिश है कि शहर के विकास के साथ-साथ पर्यावरण का भी तालमेल बना रहे. अधिकारियों का मानना है कि निर्माण स्थलों पर पानी के छिड़काव और अन्य तकनीकों का इस्तेमाल करके बढ़ते प्रदूषण को काफी हद तक नियंत्रित किया जा सकता है, जिससे मुंबईवासियों को जल्द ही साफ हवा मिल सकेगी.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement