पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी और मैदानी इलाकों में बारिश और कंपकंपाती ठंड का दौर देखने को मिल रहा है. दो सक्रिय वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के कारण श्रीनगर और घाटी के कई हिस्सों में भारी बर्फबारी. लवामा, कुलगाम, शोपियां, गुरेज सहित अन्य क्षेत्र भी इस मौसम से प्रभावित हैं. कश्मीर में 40 दिनों की सबसे कठोर सर्दियों के दिनों को चिल्लई कलां के नाम से जाना जाता है. इस दौरान शीतलहर चलती है और तापमान शून्य से नीचे चला जाता है. वहीं हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भी भारी बारिश और बर्फबारी के कारण कई सड़कें बंद हो चुकी हैं. वहीं, ट्रांसफॉर्मर पर असर पड़ने से बिजली की आपूर्ति भी प्रभावित हुई है. दिल्ली-एनसीआर में हल्की बारिश हुई जिससे ठंड बढ़ गई है. मौसम में बदलाव के बावजूद प्रदूषण का स्तर खराब स्थिति में बना हुआ है. रविवार की सुबह शहर का एक्यूआई 324 दर्ज किया गया, जो 'बहुत खराब' कैटेगिरी में आता है.