हरियाणा में राज्यसभा चुनाव के दौरान हुई कथित क्रॉस वोटिंग को लेकर कांग्रेस के भीतर हलचल तेज हो गई है. इस मामले में पार्टी की अनुशासन समिति ने चंडीगढ़ में बैठक कर पांच विधायकों के खिलाफ शिकायतों पर चर्चा की.
अनुशासन समिति के अध्यक्ष धर्मपाल मलिक ने बताया कि जिन पांच विधायकों को नोटिस जारी किए गए थे, उनमें से दो मोहम्मद इसराइल और मोहम्मद इलियास ने अब तक कोई जवाब नहीं दिया है. वहीं बाकी तीन विधायकों ने अपना जवाब जमा करते हुए आरोपों से इनकार किया है.
मलिक ने कहा कि इस मामले पर विपक्ष के नेता (LoP) और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से भी चर्चा की गई है. हालांकि उन्होंने यह साफ किया कि समिति की आंतरिक चर्चा या निष्कर्ष को सार्वजनिक नहीं किया जा सकता. पूरी रिपोर्ट और सिफारिशें कल पार्टी हाईकमान को भेजी जाएंगी.
उन्होंने यह भी बताया कि जो दो विधायक समिति के सामने पेश हुए, उन्होंने खुद को निर्दोष बताया है. लेकिन समिति ने अन्य पहलुओं को भी ध्यान में रखते हुए पूरे मामले की समीक्षा की है.
सूत्रों के मुताबिक, अनुशासन समिति अपनी रिपोर्ट अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) को भेजेगी, जिसके बाद आगे की कार्रवाई तय होगी. इस मामले में कांग्रेस की विधायक शैली चौधरी और रेनू बाला भी समिति के सामने पेश हुईं. दोनों ने कहा कि उन्होंने अपना पक्ष रख दिया है और जवाब दे दिया है.
दरअसल, 16 मार्च को हरियाणा में हुए राज्यसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस के पांच विधायकों मोहम्मद इजराइल, मोहम्मद इलियास, शैल्ली चौधरी, रेनू बाला और जरनैल सिंह पर क्रॉस वोटिंग के आरोप लगे थे. इसके बाद पार्टी ने सभी को नोटिस जारी कर जवाब मांगा था. अब सबकी नजर पार्टी हाईकमान के फैसले पर है, जो तय करेगा कि इन विधायकों के खिलाफ क्या कार्रवाई की जाएगी.