गुजरात के वडोदरा में आदिवासी अधिकार संविधान सम्मेलन के दौरान राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर कई आरोप लगाए और बताया कि मोदी आदिवासियों के हितों की परवाह नहीं करते. राहुल गांधी ने "आदिवासी" शब्द का गहरा अर्थ समझाते हुए कहा कि "अगर कोई 5000 साल पहले यहां आता, तो सारी जमीन आदिवासियों के नाम होती. उन्होंने कहा कि धीरे-धीरे आदिवासियों को हटाया गया और अब 21वीं सदी में उनके लिए नया शब्द सामने आया है."
राहुल गांधी ने कहा "आरएसएस और बीजेपी का शब्द है वनवासी. मतलब आप ओरिजिनल मालिक नहीं. ये देश आपका था पर ओरिजिनल मालिक कोई और था. अगर आप आदिवासी हो तो इस देश का आप पर कर्ज है. आपकी जमीन, जंगल आपसे छीना गया. लेकिन वनवासी मतलब आप कुछ नहीं."
राहुल गांधी ने कहा, "मोदीजी बिरसा मुंडा, अम्बेडकर, गांधीजी मूर्ति के आगे हाथ जोड़ते हैं लेकिन उन्होंने जो कहा उसकी रक्षा नहीं करते. जब आपको वनवासी कहकर जमीन छीनकर अडानी को देते हैं तो संविधान पर नहीं, बिरसा मुंडा पर आक्रमण है.
अब तो आजकल फैशन बन चुका है. राहुल गांधी ने कहा कि जब भी विकास की बात आती है, सीधा आदिवासी की जमीन छीन लेते हैं. स्टैच्यू, माइन के लिए आदिवासी की जमीन छीनकर मुआवजा भी मत दो. मैं जाति जनगणना की बात करता हूं तो आरएसएस, मोदी और बीजेपी मुझ पर आक्रमण करती हैं. लेकिन इसका मतलब देश जनता है. इस देश में 10% आदिवासी, 15% दलित, 50 प्रतिशत ओबीसी हैं. "
राहुल ने कहा कि "प्राइवेटाइजेशन का मतलब है चुने हुए 5-7 लोगों का फायदा. पहले पब्लिक सेक्टर था उसमें आदिवासी दलित जा सकते थे. अब अडानी की लिस्ट खोलो, एक आदिवासी नहीं मिलेगा. ब्यूरोक्रेट में भी आदिवासी नहीं मिलेंगे."
राहुल गांधी ने आगे कहा ठदेश में आदिवासी, दलित, पिछड़े को कुछ नहीं मिल रहा. प्राइवेट अस्पताल के मालिक में कोई आदिवासी नहीं. यूनिवर्सिटी, कॉलेज का आदिवासी मालिक बताओ. 500 सबसे बड़ी कंपनियां देखो. देश का पूरा धन आपसे छीना जा रहा है. आप जीएसटी देते हैं, कपड़े में जीएसटी जाती है. आप जितना टैक्स अडानी देता है, उतना ही आप भी देते हैं. उसकी और आपकी आमदनी देखिए. आप बताइए, कितने का कर्ज माफ हुआ.ठ
राहुल ने कहा, ठआपको देश के एक आदिवासी नहीं मिलेगा. लेकिन अडीनी जैसों का रोज कर्जा माफ करते जा रहे हैं. तेलंगाना में हमने जातिगत जनगणना कर दी है. देश की संस्था, ब्यूरोक्रेसी, कॉरपोरेट्स में कितनी हिस्सेदारी है ये मुख्य सवाल है. दलित, पिछड़े वर्ग की कितनी हिस्सेदारी है. क्या 10 प्रतिशत भी है?
लंबे भाषण होते हैं, बिरसा मुंडाजी की मूर्ति के सामने हाथ जोड़ते हैं लेकिन पावर और धन देने के समय चुप हो जाते हैं. कांग्रेस ने मनरेगा दिया."
राहुल गांधी ने कहा, "मुझे केरल में एक शख्स ने कहा, आदिवासियों को जो फ्री मिलता है ये कब बंद होगा. मैंने कहा जब अडानी का बंद होगा तब इनका भी होगा. मनरेगा में खून-पसीना देकर मजबूरी को फ्री कहा जा रहा है. ये कहते हैं विकास हो रहा है लेकिन किसका? हम क़ानून लाए, आपको प्रोटेक्शन देने के लिए. स्कूल, कॉलेज तो गुजरात में बंद करके प्राइवेट शुरू कर रहे हैं."
राहुल गांधी ने कहा कि अगर आदिवासियों की मदद करनी है तो सरकार को अपनी जिम्मेदारी पूरी करनी होगी. सरकारी अस्पताल, स्कूल और कॉलेज होने चाहिए. भविष्य में क्या करना है, इसका मैनिफेस्टो होना चाहिए. उसे हम करवाकर छोड़ेंगे. सबसे जरूरी संविधान है.
शिक्षा क्षेत्र में आरएसएस के लोग: राहुल गांधी
राहुल गांधी ने कहा कि शिक्षा में आज वाइस चांसलर की लिस्ट निकालो, सिर्फ़ आरएसएस के लोग हैं. उन्हें शिक्षा के बारे में कुछ नहीं पता. बस आरएसएस के हैं तो वाइस चांसलर बन रहे हैं. हिंदुस्तान की सारी संस्थाओं में ये हैं.
राहुल गांधी ने कहा कि आदिवासी हो तो कहोगे कि हमारा जल, जंगल कैसे ले रहे हो. तभी ये चाहते हैं कि वनवासी बनो, अपना हक मत मांगो. जंगल में रहो और बाद में मज़दूरी करो, पर ये हम नहीं चाहते.
राहुल गांधी ने कहा, हम चाहते हैं कि सबको बराबर जगह मिले. सीईओ की लिस्ट निकले तो आदिवासी नाम दिखे, ऐसा भविष्य चाहिए, यही लड़ाई है. मेरे दिल में, परिवार के दिल में और कांग्रेस पार्टी में आपके लिए प्यार, मोहब्बत और जगह है. आपने कहा कि आदिवासी इलाकों में यात्रा करनी चाहिए, इसके बारे में सोचेंगे.
राहुल ने आगे कहा "देश में नफरत और हिंसा फैलाई जा रही है, ईरान में युद्ध हो रहा है, पीएम ने सुना है कि कुछ मिनट का भाषण किया. आप देखिए, अमेरिका के साथ इन्होंने डील किया. पहली बार पीएम ने कृषि का सेक्टर खोल दिया.
हमारे यहां छोटे खेत हैं, अमेरिका में बड़े खेत हैं. लेकिन सरकार के फैसले से हमारे किसान बर्बाद होंगे. दाल, सोयाबीन, फल, कपास ये सब खोल दिया. जिसके पास आज डेटा है उसकी प्रगति होगी, राहुल ने आरोप लगाया कि पूरा देश का डेटा मोदी ने अमेरिका को दे दिया.
अमेरिका का टैक्स जीरो और हमारा पहले से ज़्यादा कर दिया. पीएम ने ट्रंप से कहा, हक आपसे पूछे बगैर तेल और नेचुरल गैस नहीं खरीदेंगे. जो आप हुक्म करेंगे हम पूरा करेंगे."
राहुल गांधी ने कहा, "ट्रंप ने मोदी को कंट्रोल कर रखा है. एप्स्टीन और अडानी. मोदी और बीजेपी का पूरा आर्थिक स्ट्रक्चर अडानी है. अदानी आम कंपनी नहीं है, अदानी बीजेपी और नरेंद्र मोदी का फाइनेंशियल सिस्टम है. पोर्ट, एयरपोर्ट, सीमेंट कंपनी दे दी. सोलर, विंड पावर, इंफ्रास्ट्रक्चर दे दिया. क्या ये सब फ्री में हो रहा है?"