अहमदाबाद के सरखेज इलाके में मंगलवार रात एक ही समाज के दो गुटों के बीच हुए हिंसक टकराव में एक युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने एक नाबालिग समेत 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया था, जिसे देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी आरोपियों को दबोच लिया.
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में से नाबालिग को छोड़कर पांच आरोपियों को रिमांड पर लेकर घटनास्थल पर रिकंस्ट्रक्शन कराया गया. इस दौरान सभी आरोपियों के हाथ रस्सी से बांधकर उन्हें मौके पर ले जाया गया, जहां हत्या की वारदात को दोबारा समझा गया.
रिकंस्ट्रक्शन के दौरान घटनास्थल पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग जमा हो गए. पुलिस ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम करते हुए पूरे घटनाक्रम को नियंत्रित रखा.
यह भी पढ़ें: अहमदाबाद के कैफे में गार्लिक ब्रेड में निकली मक्खी, शिकायत के बाद 50 हजार का लगा जुर्माना
प्रेम संबंध और सोशल मीडिया बना विवाद की जड़
जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने मिलकर आशीष नाम के युवक की हत्या की योजना बनाई थी. विवाद की जड़ एक महिला से जुड़े प्रेम संबंध को बताया जा रहा है, जो दूसरे गुट के एक आरोपी की पत्नी थी. इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले से ही तनाव बना हुआ था.
बताया गया कि आशीष ने सोशल मीडिया पर महिला को लेकर एक विवादित स्टेटस पोस्ट किया था. आरोपियों ने उसे स्टेटस हटाने के लिए कहा, लेकिन उसने ऐसा नहीं किया. इसी के बाद दूसरे गुट ने आशीष को सबक सिखाने की योजना बनाई.
मंगलवार रात आरोपी आशीष के घर पहुंचे और उस पर हमला कर दिया. इस दौरान आशीष को बचाने आए गणेश पर चाकू से हमला किया गया, जिससे उसकी मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग घायल हो गए.
पुलिस कार्रवाई और आगे की जांच
घटना के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए थे. सरखेज पुलिस ने मामले में छह लोगों के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज की. इसके बाद अहमदाबाद क्राइम ब्रांच ने दो आरोपियों को और सरखेज पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया.
सरखेज पुलिस थाना के इंस्पेक्टर एलएल चावड़ा ने बताया कि ठाकोर समाज के दोनों गुटों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था और दो महीने पहले भी टकराव हुआ था. इस बार सोशल मीडिया पोस्ट के कारण विवाद बढ़ गया.
पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर रिमांड पर लिया है और मामले की गहन जांच जारी है. साथ ही इलाके में शांति बनाए रखने के लिए कड़ी निगरानी रखी जा रही है, ताकि दोबारा कोई झड़प न हो.