गुजरात के अहमदाबाद में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक कार चालक ने बुजुर्ग व्यक्ति को कार की बोनट पर लटकाकर सड़क पर गाड़ी दौड़ा दी. इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे देखकर लोग हैरान रह गए.
यह घटना शहर के निकोल इलाके की बताई जा रही है. वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि एक बुजुर्ग व्यक्ति कार की बोनट पर लटके हुए हैं और लगातार कार चालक से गाड़ी रोकने की गुहार लगा रहे हैं. वीडियो में बुजुर्ग यह कहते हुए भी सुनाई दे रहे हैं कि वह चालक के खिलाफ कोई केस नहीं करेंगे, बस कार रोक दी जाए. इसके बावजूद चालक गाड़ी रोकने के बजाय सड़क पर तेज गति से आगे बढ़ता रहता है.
अहमदाबाद में खतरनाक करतूत
जानकारी के अनुसार यह घटना रात करीब 10:30 बजे खोडियार मंदिर के पास हुई. बताया जा रहा है कि कार चालक और किसी अन्य वाहन के बीच हल्की टक्कर हुई थी. इसके बाद बुजुर्ग व्यक्ति चालक को समझाने के लिए उसके पास पहुंचे. इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद हो गया और बुजुर्ग कार के सामने आ गए.
आरोप है कि चालक ने गाड़ी आगे बढ़ा दी, जिससे बुजुर्ग कार की बोनट पर लटक गए. इसके बावजूद चालक ने गाड़ी नहीं रोकी और करीब 500 मीटर तक उन्हें बोनट पर लटकाकर गाड़ी चलाता रहा. आसपास मौजूद लोगों ने इस घटना का वीडियो अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है.
बुजुर्ग की गुहार के बावजूद नहीं रुका ड्राइवर
इस मामले में गुजरात पुलिस का कहना है कि अभी तक इस घटना को लेकर थाने में कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है. हालांकि वायरल वीडियो में कार का नंबर स्पष्ट दिखाई दे रहा है, जिसके आधार पर पुलिस चालक की पहचान करने की कोशिश कर रही है.
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना की गंभीरता को देखते हुए मामले की जांच शुरू कर दी गई है और जल्द ही आरोपी चालक को पकड़ लिया जाएगा.