गुजरात के अहमदाबाद से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने हर किसी को चौंका दिया. फिल्मों, वेब सीरीज और थिएटर में सक्रिय रहने वाला एक एक्टर असल में हत्या के मामले में उम्रकैद की सजा काट रहा कैदी निकला. अहमदाबाद क्राइम ब्रांच ने 53 साल के एक्टर हेमंत नगीनदास मोदी को गिरफ्तार किया है, जो साल 2014 से पैरोल जंप कर फरार चल रहा था. हेमंत नगीनदास मोदी मूल रूप से अहमदाबाद के नरोड़ा इलाके का रहने वाला है. साल 2005 में नरोड़ा में हुए हत्या के एक मामले में अदालत ने उसे उम्रकैद की सजा सुनाई थी. इसके बाद उसे महेसाणा जेल में शिफ्ट किया गया था.
अहमदाबाद क्राइम ब्रांच के डीसीपी अजीत राजियान ने बताया कि साल 2014 में हेमंत मोदी को गुजरात हाईकोर्ट की तरफ से 30 दिन की पैरोल मिली थी. लेकिन पैरोल की अवधि खत्म होने के बाद उसने वापस जेल में आत्मसमर्पण नहीं किया. इसके बाद 25 जुलाई 2014 को उसे पैरोल जंपर घोषित कर दिया गया था.
हत्या मामले में उम्रकैद की सजा काट रहा था आरोपी
पुलिस के अनुसार, फरार रहने के बावजूद हेमंत मोदी लगातार मनोरंजन जगत में सक्रिय रहा. उसने कई फिल्मों, टीवी सीरियल और थिएटर में एक्टिंग की. इस दौरान उसने अमिताभ बच्चन और आमिर खान के साथ फिल्म ठग्स ऑफ हिंदुस्तान में काम किया. वहीं रणवीर सिंह के साथ जयेशभाई जोरदार में भी नजर आया.
इतना ही नहीं, उसके प्रोफेशनल पोर्टफोलियो में आने वाली फिल्में लाहौर 1947 और मेट्रो इन दिनों भी शामिल बताई जा रही हैं. इसके अलावा दक्षिण भारतीय फिल्म L2: Empuraan और टीवी सीरियल वागले की दुनिया तथा मेरे साईं में भी उसने काम किया.
वेब सीरीज और थिएटर में भी लगातार रहा सक्रिय
फिल्मों और टीवी के अलावा हेमंत मोदी थिएटर में भी काफी सक्रिय था. उसने युगपुरुष और गांधी विरुद्ध गोडसे जैसे नाटकों में अभिनय किया. हैरानी की बात यह रही कि इतने सालों तक सार्वजनिक जीवन में रहने के बावजूद वह पुलिस और अन्य एजेंसियों से बचता रहा. किसी को यह अंदाजा तक नहीं था कि अभिनय की दुनिया में सक्रिय यह कलाकार हत्या के मामले में उम्रकैद का आरोपी है. हाल ही में अहमदाबाद क्राइम ब्रांच ने उसे घीकांटा मेट्रो स्टेशन के पास एक घर से ट्रैक कर गिरफ्तार कर लिया. पुलिस अब उससे पूछताछ कर रही है और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है.