scorecardresearch
 

दिल्ली-NCR में बदला मौसम, कई जगह तेज हवाओं के साथ बारिश, सीलमपुर और यमुना विहार में गिरे ओले

Delhi-NCR Weather Today: दिल्ली-एनसीआर में तेज हवाओं के साथ मौसम का मिजाज बदला है. कई जगहों पर हल्की बारिश एवं बूंदाबांदी भी हुई है. वहीं, गाजियाबाद और पूर्वी दिल्ली के कई इलाकों में बारिश के साथ ओलावृष्टि भी देखने को मिली है. यमुना विहार और सीलमपुर इलाके में मोटे-मोटे ओले गिरे हैं.

Advertisement
X
गाजियाबाद, सीलमपुर और यमुना विहार में बारिश के साथ गिरे ओले (फोटो-ITG)
गाजियाबाद, सीलमपुर और यमुना विहार में बारिश के साथ गिरे ओले (फोटो-ITG)

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और एनसीआर में आज फिर मौसम ने अचानक करवट ली है. तेज हवाएं चलने से लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिली है. गाजियाबाद और उत्तर पूर्वी दिल्ली के कई इलाकों में जबरदस्त बारिश के साथ ओलावृष्टि भी देखने को मिली है. सीलमपुर, यमुना विहार और गाजियाबाद के कई इलाकों में मोटे-मोटे ओले गिरे हैं.

मौसम विभाग ने अगले कुछ घंटों में दिल्ली और आसपास के इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश की चेतावनी दी है. कुछ जगहों पर तेज हवाओं के साथ ओले भी पड़ सकते हैं. दिल्ली के दिलशाद गार्डन, सीमापुरी, सीलमपुर, शाहदरा, विवेक विहार, प्रीत विहार, सिविल लाइंस, कश्मीरी गेट, लाल किला, राजीव चौक, आईटीओ, इंडिया गेट, अक्षरधाम, नेहरू स्टेडियम, लाजपत नगर, कालकाजी, तुगलकाबाद और आस-पास के इलाकों में आंधी-बारिश और ओलावृष्टि की संभावना है. 

बता दें कि दिल्ली, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, गाजियाबाद समेत एनसीआर के इलाकों में दोपहर के बाद आसमान में बादलों की आवाजाही के बीच तेज हवाएं चल रही हैं. मौसम विभाग (IMD) ने अपने पूर्वानुमान में 30 अप्रैल को आंशिक रूप से बादल छाए रहने और शाम के समय बूंदाबांदी एवं हल्की बारिश की संभावना जताई थी. 

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, दिल्ली-एनसीआर में तेज सतही हवाएं चलेंगी. इस दौरान हवाओं की रफ्तार 40-45 किलोमीटर प्रति घंटा रहने की उम्मीद है. कुछ जगहों पर हवाओं की स्पीड 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है. मौसम विभाग ने दिल्ली में बदलते मौसम को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. 

Advertisement

 

दिल्ली-एनसीआर में मौसम में बदलाव के साथ तापमान में भी गिरावट दर्ज की जा रही है. दिल्ली में सोमवार को जहां अधिकतम तापमान 42.3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था, जो अप्रैल का दूसरा सबसे गर्म दिन था. वहीं, मंगलवार को यह 39.2 डिग्री तक रहा और बुधवार को बारिश के कारण और नीचे आ गया.

आज के मौसम की बात करें तो 30 अप्रैल 2026 को अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है. हालांकि, सुबह एवं शाम के समय तापमान करीब 32-33 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया जा रहा है.

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 1 और 2 मई को भी आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं. हालांकि, अधिकतम तापमान 40-41 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24-26 डिग्री सेल्सियस तक रहने का अनुमान है. वहीं, 3 मई को फिर गरज-चमक के साथ हल्की बारिश की संभावना बनी हुई है. हवाओं की रफ्तार 35-40 किलोमीटर प्रति घंटा रह सकती है.

क्यों बदला मौसम?
मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, यह बदलाव पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) के असर से देखने को मिल रहा है. इस सिस्टम की वजह से ही बीते दिन भी उत्तर भारत में ठंडी हवाएं चलने के साथ हल्की बारिश हुई. IMD के मुताबिक, दिल्ली-एनसीआर में आज भी थंडरस्टॉर्म और तेज हवाओं की संभावना है. कुछ इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है.
 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement