आम आदमी पार्टी (AAP) के द्वारा किए गए हालिया फेरबदल के बाद राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने पहली बार खुलकर प्रतिक्रिया दी है. पार्टी द्वारा उन्हें राज्यसभा में डिप्टी लीडर पद से हटाए जाने के बाद उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर वीडियो के एक इमोशनल मैसेज शेयर किया, जो तेजी से वायरल हो रहा है.
राघव चड्ढा ने अपने पोस्ट में लिखा, “मेरी खामोशी को मेरी हार मत समझना. मुझे खामोश करवाया गया है, लेकिन मैं हारा नहीं हूं.” पिछले कुछ समय से चड्ढा की चुप्पी और पार्टी के बड़े फैसलों से दूरी को लेकर कई तरह की चर्चाएं भी चल रही थीं.
राघव चड्ढा ने वीडियो जारी करते हुए कहा, "मुझे जब-जब संसद में बोलने का मौका मिलता है, मैं जनता के मुद्दे उठाता हूं. क्या जनता के मुद्दे उठाना कोई अपराध है? क्या मैंने कोई गुनाह कर दिया?"
'जनता के मुद्दे पर बात करता हूं...'
राघव चड्ढा ने कहा, "ये सवाल मैं इसलिए कर रहा हूं कि आम आदमी पार्टी ने पार्लियामेंट को यह कहा है कि संसद में राघव चड्ढा को संसद बोलने का मौका न दिया जाए. भला कोई मेरे बोलने पर रोक क्यों लगाना चाहेगा. मैं तो जब बात करता हूं, जनता के मुद्दे पर बात करता हूं, आम आदमी की बात करता हूं."
'मेरी खामोशी को मेरी...'
राघव चड्ढा ने इमोशनल लहजे में कहा, "मैंने एयरपोर्ट पर मिल रहे महंगे खाने की बात रखी, ज़ोमैटो-ब्लिंकेट के डिलिवरी राइडर्स की प्रॉब्लम रखी, खाने में मिलावट का मुद्दा उठाया और टोल प्लाजा लूट से लेकर बैंक चार्ज लूट की बात करी. यहां तक कि मिडल क्लास पे टैक्स के बोझ से लेकर कंटेंट क्रिएटर्स पर स्ट्राइक क्यों करी जाती है, टेलीकॉम कंपनियां कैसे 12 महीने में 13 बार हमसे रिचार्ज कराती हैं, डाटा रोल ओवर नहीं देती है. रिचार्ज खत्म होने के बाद इनकमिंग रोक देती हैं. तमाम मुद्दे मैंने सदन में उठाए."
उन्होंने आगे कहा कि ये मुद्दे उठाने के बाद देश के आम आदमी का तो फायदा हुआ, लेकिन इससे आम आदमी पार्टी का क्या नुकसान हुआ? भला कोई मुझे बोलने से क्यों रोकना चाहेगा, कोई मेरी आवाज को क्यों बंद करना चाहेगा?
यह भी पढ़ें: राज्यसभा में AAP के डिप्टी लीडर पद से हटाए गए राघव चड्ढा, शेयर किया वीडियो और इमोजी
राघव चड्ढा ने जनता से मुखातिब होते हुए कहा, "आप लोग मुझे अनलिमिटेड प्यार देते हैं. मैं जब-जब आपके मुद्दे उठाता हूं, आप मुझे सपोर्ट करते हैं, मुझे शाबाशी देते हैं, मेरा हौसला बढ़ाते हैं. मैं आपको थैंक यू कहना चाहता हूं. ऐसे ही मेरा हाथ और मेरा साथ थामे रखिएगा, छोड़िएगा मत. मैं आपसे हूं और मैं आपके लिए हूं. जिन लोगों ने आज पार्लियामेंट में मेरे बोलने का अधिकार मुझसे छीन लिया, मुझे खामोश कर दिया, मैं उन्हें भी कुछ कहना चाहता हूं.
वीडियो के आखिरी हिस्से में राघव ने कहा, "मेरी खामोशी को मेरी हार मत समझ लेना. मैं वो दरिया हूं, जो वक्त आने पर सैलाब बनता है. जय हिंद."