आम आदमी पार्टी में बड़ी राजनीतिक हलचल के बीच पार्टी संयोजक अरविंद केजरीवाल अब पश्चिम बंगाल में चुनाव प्रचार के लिए पहुंच रहे हैं. पार्टी में टूट और बगावत की खबरों के बीच केजरीवाल का यह दौरा काफी अहम माना जा रहा है. जानकारी के अनुसार, केजरीवाल 26 और 27 अप्रैल को पश्चिम बंगाल के दौरे पर रहेंगे. जहां वो पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के विशेष निमंत्रण पर यहां आ रहे हैं.
इस दौरान वह टीएमसी उम्मीदवारों के समर्थन में जनसभाएं और रोड शो करेंगे. बताया जा रहा है कि केजरीवाल 26 अप्रैल की सुबह कोलकाता पहुंचेंगे और वहीं से अपने कार्यक्रम की शुरुआत करेंगे. यह दौरा ऐसे समय में हो रहा है जब पश्चिम बंगाल में दूसरे चरण का मतदान 29 अप्रैल को होना है. ऐसे में केजरीवाल का प्रचार टीएमसी के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है. वह सीधे तौर पर ममता बनर्जी के समर्थन में जनता के बीच जाएंगे और वोटरों को संबोधित करेंगे.
पार्टी में टूट के बीच बंगाल दौरे पर केजरीवाल
वहीं दूसरी तरफ आम आदमी पार्टी को हाल ही में बड़ा झटका लगा है. पार्टी के संसदीय दल में बड़ी टूट देखने को मिली है. राज्यसभा में पार्टी के 10 में से 7 सांसदों ने एक साथ पार्टी छोड़ दी और बीजेपी में शामिल हो गए. इस सूची में राघव चड्ढा, हरभजन सिंह, राजेंद्र गुप्ता, स्वाति मालीवाल, संदीप पाठक, अशोक मित्तल और विक्रमजीत साहनी हैं.
इस बड़े घटनाक्रम के बाद केजरीवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर प्रतिक्रिया दी. उन्होंने बिना किसी का नाम लिए लिखा कि बीजेपी ने फिर से पंजाबियों के साथ धक्का किया है. वहीं पार्टी के राज्यसभा नेता और राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी संजय सिंह ने मीडिया से बात कर इस मामले को ऑपरेशन लोटस बताया। उन्होंने कहा कि यह बीजेपी की रणनीति का हिस्सा है.
संजय सिंह ने बताया ‘ऑपरेशन लोटस’ का हिस्सा
इस बीच, केजरीवाल का पश्चिम बंगाल दौरा कई मायनों में महत्वपूर्ण हो गया है. एक तरफ पार्टी में टूट का दबाव है, तो दूसरी तरफ वह टीएमसी के समर्थन में चुनावी मैदान में उतर रहे हैं. यह देखना दिलचस्प होगा कि इस दौरे का चुनावी माहौल पर क्या असर पड़ता है. फिलहाल सभी की नजर केजरीवाल के बंगाल दौरे और उनकी चुनावी सभाओं पर टिकी हुई है.