दिल्ली में बड़े आतंकी हमले के अलर्ट के बाद पुलिस ने 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. इनका कनेक्शन पाकिस्तान और बांग्लादेश से होने की जानकारी मिली थी. इस मामले में अब खुलासा हुआ है कि इन आरोपियों का हैंडलर कश्मीरी है.
आतंकी मॉड्यूल का कश्मीरी हैंडलर बांग्लादेश में बैठा है और आरोपी इसी हैंडलर के इशारे पर काम कर रहे थे. आरोपियों की पहचान मिजानुर रहमान, मोहम्मद शबत, उमर, मोहम्मद लितान, मोहम्मद शाहिद और मोहम्मद उज्जल के रूप में हुई है.
आरोपी फर्जी आधार कार्ड का इस्तेमाल कर रहे थे. पुलिस ने उनके पास से 8 मोबाइल फोन और 16 सिम कार्ड भी बरामद किए हैं. आरोपियों के कब्जे से कई महत्वपूर्ण जगहों की रैकी के वीडियो भी मिले हैं.
'FREE KASHMIR' पोस्टर पर पुलिस की जांच
दरअसल, 8 फरवरी को दिल्ली के अलग-अलग इलाकों और मेट्रो में भड़काऊ पोस्टर लगाए गए थे. इनमें 'FREE KASHMIR' जैसी बातें लिखी हुई थीं. दिल्ली पुलिस ने इन पोस्टर को लेकर ऑपरेशन चलाया, जिसके तहत इस आतंकी मॉड्यूल का खुलासा हुआ. आरोपियों ने कोलकाता में भी 'FREE KASHMIR' के पोस्टर लगाए थे.
यह भी पढ़ें: आतंकी हमले की साजिश नाकाम! तमिलनाडु-बंगाल से 8 अरेस्ट, PAK-बांग्लादेश से है कनेक्शन
हाई अलर्ट पर दिल्ली का चांदनी चौक
बता दें कि खूफिया सूत्रों से पता चला है कि लश्कर-ए-तैयबा दिल्ली में बड़े आतंकी हमले की प्लानिंग कर रहा है. संगठन दिल्ली का लाल किला और चांदनी चौक इलाका को टारगेट कर सकता है. अलर्ट के बाद दिल्ली में भीड़भाड़ वाले इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है. पुलिस ने स्थानीय लोगों को भी अलर्ट रहने की सलाह दी है.