दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल की काउंटर-इंटेलिजेंस यूनिट ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए कुख्यात हिमांशु भाऊ गैंग के दो शूटर्स को महाराष्ट्र से गिरफ्तार किया है. पकड़े गए शूटर्स की पहचान लक्ष्य और नीरज के रूप में हुई है. दोनों पर एक-एक लाख रुपये का इनाम घोषित था.
दिल्ली में रंगदारी वसूली के लिए फायरिंग की कई घटनाओं में इन दोनों शूटर्स का नाम सामने आया था. इनके खिलाफ दिल्ली में रंगदारी के लिए फायरिंग करने की एफआईआर दर्ज है. पुलिस जांच में सामने आया कि यह गोलीबारी विदेश से अपना नेटवर्क ऑपरेट करने वाले गैंगस्टर हिमांशु भाऊ के इशारे पर की गई थी.
इतना ही नहीं, ये दोनों हरियाणा में हुए एक बड़े हत्याकांड में भी शामिल बताए जा रहे हैं. दिल्ली पुलिस लंबे समय से इन दोनों की तलाश में थी और अब महाराष्ट्र से इन्हें दबोचने में कामयाबी मिली है.
कौन है हिमांशु भाऊ?
हिमांशु भाऊ एक खतरनाक गैंगस्टर है जो फिलहाल विदेश में बैठकर अपने नेटवर्क को ऑपरेट कर रहा है. दिल्ली-एनसीआर और हरियाणा में रंगदारी, फायरिंग और हत्या जैसी वारदातों में उसके गैंग का हाथ बताया जाता है. विदेश में रहते हुए भी वह अपने शूटर्स के जरिए अपराधों को अंजाम देता रहा है.
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल की यह गिरफ्तारी गैंग के नेटवर्क को तोड़ने की दिशा में एक अहम कदम मानी जा रही है. पुलिस अब दोनों से पूछताछ कर गैंग के बाकी सदस्यों और विदेश से चल रहे इस ऑपरेशन की पूरी कड़ी खंगालने में जुटी है.
हिमांशु हरियाणा के रोहतक का रहने वाला है. उसके खिलाफ तीन साल पहले यानि 2023 में रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया था. उस पर ढाई लाख का ईनाम भी घोषित है.