गुरुवार के दिन एक महिला पत्रकार ने दिल्ली पुलिस में शिकायत दी कि जब वह एक उबर ऑटो में जा रही थी तो ऑटो ड्राइवर शीशे से लगातार उन्हें गलत तरीके से घूर रहा था. इसके बाद महिला पत्रकार जब दूसरी तरफ बैठ गई तो उसके मुताबिक वह पलट कर पीछे देखने लगा और इस दौरान वह एक पैर दूसरे पैर पर रखकर एक हाथ से ऑटो चला रहा था.
दिल्ली पुलिस का कहना है कि महिला की शिकायत पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है और ऑटो ड्राइवर की भी पहचान पुलिस ने कर ली है. महिला ने इस दौरान ऑटो ड्राइवर का वीडियो भी बनाया. वीडियो में दिख रहा है कि ऑटो ड्राइवर इतना निडर है कि महिला पुलिस में शिकायत करने की बात कर रही है तो ऑटो वाला जवाब दे रहा है कि डाल दो कंप्लेंट.
गौरतलब है कि कैब या ऑटो ड्राइवर द्वारा महिलाओं से छेड़छाड़ का ये कोई पहला मामला नहीं है बल्कि पहले भी ऐसा मामले आते रहे हैं. कुछ माह पहले राजधानी दिल्ली में कैब ड्राइवर की ओर से विदेशी महिला के सामने अश्लील हरकत करने का मामला सामने आया था. जानकारी के मुताबिक, धौलपुर इलाके में ऐप बेस्ड कैब ड्राइवर ने ब्रिटिश महिला के सामने अश्लील हरकत की जिसका पीड़िता ने विरोध किया. फिर पुलिस में कैब ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज करवाया.
यहां पुलिस ने आरोपी कैब ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया था. जानकारी के अनुसार, 23 साल की पीड़िता लंदन की रहने वाली है और पेशे से वकील है. वह अपने दोस्त के साथ कुछ समय पहले ही भारत घूमने आई थी. यहां दिल्ली में महिला ने होटल के लिए एक कैब ली. इसी दौरान महिला ने देखा कि कैब ड्राइवर अश्लील हरकत कर रहा है, जिसके बाद महिला ने विरोध जताया. फिर इस बारे में उनसने पुलिस को 112 पर सूचना दी. मौके पर पहुंची पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया.