scorecardresearch
 

फैक्ट चेक: बांग्लादेश का वीडियो पश्चिम बंगाल में TMC कार्यकर्ताओं पर पुलिस कार्रवाई का बताकर हुआ वायरल

पश्चिम बंगाल चुनाव से पहले वायरल हो रहे दो वीडियो भ्रामक पाए गए हैं. फैक्ट चेक में पता चला कि दोनों ही वीडियो बांग्लादेश के हैं, जिन्हें बंगाल से जोड़कर गलत दावा किया जा रहा था.

Advertisement

आजतक फैक्ट चेक

दावा
ये वीडियो पश्चिम बंगाल का है जहां टीएमसी से जुड़े उपद्रवियों को पुलिस पीट रही है.
सोशल मीडिया यूजर्स
सच्चाई
इस वीडियो का पश्चिम बंगाल या भारत से कोई लेना-देना नहीं है. ये बांग्लादेश के ढाका का वीडियो है.

पश्चिम बंगाल में चुनावी सरगर्मियां तेज हो गई हैं. बीजेपी ने स्टार प्रचारकों की लिस्ट भी जारी कर दी है. इस बीच सोशल मीडिया पर पश्चिम बंगाल का बताकर दो वीडियो खूब शेयर किए जा रहे हैं. पहले वीडियो में पुलिसवाले कुछ लोगों को लाठी से पीटते नजर आ रहे हैं. वहीं दूसरे वीडियो में एक सड़क पर बड़ी संख्या में लोग भागते हुए नजर आ रहे रहे हैं.

पुलिस एक्शन का वीडियो शेयर करते हुए कुछ लोग कह रहे हैं कि बंगाल में ममता बनर्जी की पार्टी टीएमसी से जुड़े लोगों को, कमांडों सबक सिखा रहे हैं. वीडियो को एक्स पर शेयर करते हुए एक व्यक्ति ने लिखा, “बंगाल में मोमता के गुंडों की कमांडो कर रहे सर्विस क्या बोलती पब्लिक..ये नजारा देखकर दिल को सुकून मिला..” इस पोस्ट का आर्काइव्ड वर्जन यहां देखा जा सकता है.


आजतक फैक्ट चेक ने पाया कि ये दोनों ही वीडियो बांग्लादेश के हैं, भारत के नहीं.

कैसे पता की सच्चाई?

वीडियो के कीफ्रेम्स को रिवर्स सर्च करने पर हमें ये बांग्लादेशी न्यूज आउट्लेट ATN Bangla News के फेसबुक पेज पर मिला.  इसे यहां 6 फरवरी को पोस्ट किया गया था. इसके मुताबिक ये वीडियो ढाका में हुए एक प्रोटेस्ट के दौरान का है.

इसके अलावा ‘Barta Bazar’ नाम के जाने-माने न्यूज संस्थान ने इसी जानकारी के साथ ये वीडियो 6 फरवरी को पोस्ट किया था. इसके मुताबिक पुलिसवालों ने सड़क पर खड़े लोगों को प्रदर्शनकारी समझकर उनपर लाठियां चला दीं.

वीडियो में ‘Deco View’ नाम की दुकान भी नजर आती है. सर्च करने पर पता चला कि ये दुकान ढाका के न्यू एस्कटन रोड पर स्थित है. गूगल मैप्स के स्ट्रीट व्यू पर हमें बिल्कुल यही लोकेशन मिल गई. साफ है कि वीडियो बांग्लादेश का है.

Advertisement


भागती भीड़ का वीडियो भी भारत का नहीं


किसी सड़क पर भागते लोगों की भीड़ का एक और वीडियो कुछ लोग ये कहकर शेयर कर रहे हैं कि पश्चिम बंगाल में टीएमसी से जुड़े उपद्रवियों को खदेड़ा जा रहा है. लेकिन ये वीडियो भी बांग्लादेश का है. भीड़ में कुछ लोगों के हाथ में बांग्लादेश का झंडा दिखाई देता है.

इसके कीफ्रेम्स को रिवर्स सर्च करने पर हमें ये बांग्लादेश के एक फेसबुक यूजर की पोस्ट में मिला. उन्होंने इस जगह का नाम शाहबाग बताया जो कि ढाका में है. इस जानकारी के साथ सर्च करने पर हमें ये जगह भी गूगल मैप्स पर मिल गई. इसमें दिख रही सड़क, पिलर नंबर-534 और इसके आसपास की रेलिंग, हूबहू वायरल वीडियो से मिलती है.

यानि साफ है कि वायरल हो रहे ये दोनों वीडियो बांग्लादेश के हैं जिन्हें पश्चिम बंगाल चुनाव के संदर्भ में शेयर किया जा रहा है. 

---- समाप्त ----
Live TV

क्या आपको लगता है कोई मैसैज झूठा ?
सच जानने के लिए उसे हमारे नंबर 73 7000 7000 पर भेजें.
आप हमें factcheck@intoday.com पर ईमेल भी कर सकते हैं
Advertisement
Advertisement