scorecardresearch
 

फैक्ट चेक: बुलडोजर एक्शन में घर गंवाने पर जोर-जोर से रोते आदमी का ये वीडियो पश्चिम बंगाल का नहीं है

सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें एक व्यक्ति फूट-फूटकर रोता हुआ दिखाई दे रहा है. यह वीडियो बुलडोजर कार्रवाई के दौरान का प्रतीत होता है. कुछ लोग इस वीडियो को पश्चिम बंगाल का बताकर शेयर कर रहे हैं.

Advertisement

आजतक फैक्ट चेक

दावा
ये वीडियो पश्चिम बंगाल का है जहां बुलडोजर एक्शन में घर गंवाने के बाद ये शख्स फूट-फूटकर रोया.
सोशल मीडिया यूजर्स
सच्चाई
ये पश्चिम बंगाल नहीं, बल्कि बांग्लादेश में अवैध अतिक्रमण के खिलाफ हुई कार्रवाई के दौरान का वीडियो है.

पश्चिम बंगाल की शुभेंदु अधिकारी के नेतृत्व वाली सरकार में अवैध कब्जों के खिलाफ बुलडोजर कार्रवाई लगातार जारी है. इसी संदर्भ में एक वीडियो सोशल मीडिया पर खूब शेयर किया जा रहा है. इसमें एक व्यक्ति फूट-फूटकर रोता हुआ नजर आ रहा है.

इसमें कुछ पुलिस वाले भी देखे जा सकते हैं. इसके अलावा तोड़फोड़ की आवाज भी सुनाई दे रही है. देखने में ये किसी बुलडोजर एक्शन के वक्त का लगता है. कुछ लोग इसे पश्चिम बंगाल का बताकर शेयर कर रहे हैं.

फेसबुक पर इस वीडियो के साथ पश्चिम बंगाल से जुड़े हैशटैग्स लगाकर एक व्यक्ति ने लिखा, “इन कंगालुओं को दहाड़ें मार मारकर रोता देख कर दिल को बहुत अधिक सुकून मिल रहा है #WestBengal #बंगाल #TMC #MamataBanerjee.” इस पोस्ट का आर्काइव्ड वर्जन यहां देखा जा सकता है.

Fact Check

आजतक फैक्ट चेक ने पाया कि ये वीडियो बांग्लादेश का है, पश्चिम बंगाल का नहीं.

कैसे पता की सच्चाई?

वीडियो पर न्यूज पॉइंट नाम का एक लोगो नजर आ रहा है. सर्च करने पर पता चला कि ये बांग्लादेश का एक न्यूज आउटलेट है. इस आउटलेट ने अपने ऑफिशियल फेसबुक अकाउंट पर ये वीडियो 21 मई को पोस्ट किया  था.

Advertisement

पोस्ट के कैप्शन के मुताबिक ये शख्स अपनी आंखों के सामने अपना घर टूटता देख जोर-जोर से रोने लगा. वीडियो में जो पुलिस वाले नजर आ रहे हैं, उनकी यूनिफॉर्म बांग्लादेश की पुलिस यूनिफॉर्म से मिलती है.

पोस्ट के कैप्शन में ‘कलशी बस्ती’ हैशटैग का इस्तेमाल किया गया है. ये बस्ती, ढाका के पास मीरपुर जोन के पल्लवी में स्थित है. रिपोर्ट्स के मुताबिक इस इलाके में बीते कुछ दिनों में बड़े पैमाने पर अवैध कब्जों को हटाने के लिए कार्रवाई की गई है.

इस आउटलेट ने कलशी इलाके में हुई बुलडोजर कार्रवाई के और भी कई विडियो फेसबुक पर पोस्ट किए हैं.

रिपोर्ट्स के मुताबिक इस इलाके में सरकारी जमीन से अवैध अतिक्रमण हटाने के लिए भारी पुलिस बल की मौजूदगी में बुलडोजर कार्रवाई की गई थी. कार्रवाई के दौरान यहां रहने वाले लोगों और पुलिस वालों के बीच झड़प भी हो गई थी. कुछ स्थानीय लोगों ने पुलिस वालों पर हमला भी कर दिया था.

---- समाप्त ----
Live TV

क्या आपको लगता है कोई मैसैज झूठा ?
सच जानने के लिए उसे हमारे नंबर 73 7000 7000 पर भेजें.
आप हमें factcheck@intoday.com पर ईमेल भी कर सकते हैं
Advertisement
Advertisement