scorecardresearch
 

फैक्ट चेक: जापान के भूकंप में टूटे ब्रिज के पिलर की 31 साल पुरानी तस्वीर अब भारत की बताकर वायरल  

सोशल मीडिया पर एक ब्रिज के क्षतिग्रस्त पिलर की तस्वीर वायरल हो रही है, जिसे लेकर दावा किया जा रहा है कि 'सबका साथ, सबका विकास' का नारा लगाने वाली सरकार के राज में पुलों-इमारतों का हाल बेहाल है. आजतक ने इस वायरल तस्वीर का फैक्ट चेक किया है.

Advertisement

आजतक फैक्ट चेक

दावा
बुरी तरह से टूटे हुए पिलर की ये फोटो भारत की है.
सोशल मीडिया यूजर्स
सच्चाई
ये जापान में 1995 में आए भूकंप की वजह से टूटे पिलर की तस्वीर है.

बुरी तरह से क्षतिग्रस्त किसी ब्रिज के पिलर की तस्वीर शेयर करते हुए कुछ सोशल मीडिया यूजर्स दावा कर रहे हैं कि 'सबका साथ, सबका विकास' का नारा लगाने वाली सरकार के राज में पुलों-इमारतों का हाल बेहाल है.

कई लोग तस्वीर के साथ तंज कसते हुए लिख रहे हैं कि "विकास" के घुटने मुड़ गए हैं और अब ऑपरेशन की जरूरत है. फेसबुक से लेकर एक्स तक हर जगह ये तस्वीर मराठी भाषा के कैप्शन के साथ वायरल है.  

Fact Check 1st

ऐसे ही दो पोस्ट्स का आर्काइव्ड वर्जन यहां और यहां देखा जा सकता है.

आजतक फैक्ट चेक ने पाया कि ये फोटो भारत की नहीं बल्कि जापान की है.

कैसे पता लगाई सच्चाई?  

वायरल फोटो को रिवर्स सर्च करने से हमें जापान के 'Muroran Institute of Technology' की वेबसाइट पर मौजूद एक रिसर्च पेपर में इससे मिलती-जुलती तस्वीर मिली. ये रिसर्च 1995 में जापान के ह्योगो प्रान्त में कोबे शहर और उसके आसपास के इलाके में आए भूकंप के चलते वहां के Daikai Station Subway की इमारत के  ढहने से संबंधित है.

Advertisement

इसमें बताया गया है कि 17 जनवरी, 1995 को आए भूकंप के दौरान Daikai Station Subway पूरी तरह ढह गया. इस शोध में एक तस्वीर है जो वायरल फोटो से काफी मिलती है. तस्वीर का क्रेडिट Keiichiro Sonoda नामक शोधकर्ता को दिया गया है.

Fact Check 2nd

हमें और भी कई शोध पत्रों में ये तस्वीर मिली. यहां भी इसका क्रेडिट Keiichiro Sonoda को दिया गया है.

Keiichiro Sonoda एक जापानी प्रोफेसर और शोधकर्ता हैं. Research Map वेबसाइट के अनुसार, Keiichiro ने मुख्य रूप से स्ट्रक्चरल व सीस्मिक इंजीनियरिंग और सोशल इन्फ्रासट्रक्चर में शोध किए हैं.  

1995 में जापान के पश्चिमी हिस्से में आए भूकंप को यहां की सबसे भयानक त्रासदियों में गिना जाता है. हैनशिन इलाके में आए इस भूकंप में 6000 से भी ज्यादा लोग मारे गए थे और तकरीबन 40 हजार लोग घायल हुए थे. इसमें सबसे ज्यादा नुकसान कोबे शहर को पहुंचा था.

साफ है, जापान में भूकंप से क्षतिग्रस्त हुए एक पिलर की फोटो को भारत का बताकर सरकार पर निशाना साधा जा रहा है.

(इनपुट: पथिकृत सान्याल) 

---- समाप्त ----
Live TV

क्या आपको लगता है कोई मैसैज झूठा ?
सच जानने के लिए उसे हमारे नंबर 73 7000 7000 पर भेजें.
आप हमें factcheck@intoday.com पर ईमेल भी कर सकते हैं
Advertisement
Advertisement