scorecardresearch
 

फैक्ट चेक: बूथ कैप्चर कर रहे TMC कार्यकर्ताओं को सेना ने सिखाया सबक? नहीं, ये है पूरा मामला

बंगाल में पहले चरण की 152 सीटों पर बंपर मतदान हुआ. वहीं कई जगह हिंसा की भी घटनाएं हुईं. इसी संदर्भ में एक वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो गया.

Advertisement

आजतक फैक्ट चेक

दावा
बूथ कैप्चर करने की कोशिश कर रहे टीएमसी कार्यकर्ताओं को सेना ने जमकर सबक सिखाया.
सोशल मीडिया यूजर्स
सच्चाई
ये वीडियो बांग्लादेश में इसी साल हुए आम चुनाव से पहले एक स्कूल में कराए गए मॉक अभ्यास का है.

पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु में विधानसभा चुनाव के लिए 23 अप्रैल को वोटिंग हुई. बंगाल में पहले चरण की 152 सीटों पर बंपर मतदान हुआ. वहीं कई जगह हिंसा की भी घटनाएं हुईं.

इसी संदर्भ में एक वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो गया. वीडियो में कुछ लोग इधर-उधर भागते नजर आ रहे हैं. अफरातफरी के बीच सुरक्षाबल के लोग कुछ लोगों को हिरासत में लेते हुए भी दिखाई देते हैं. वीडियो में लोग बांग्ला में बात कर रहे हैं. इसमें एक बोर्ड भी नजर आता है जिसमें बांग्ला में कुछ लिखा हुआ है.

ऐसे में इस वीडियो को कई लोग पश्चिम बंगाल का मान रहे हैं. इसे शेयर करने वालों ( https://archive.is/n8e5u ) का कहना है कि इसमें दिख रहे लोग टीएमसी के कार्यकर्ता थे जो बूथ कैप्चर करने की कोशिश कर रहे थे. लेकिन सेना ने इन्हें रंग हाथ पकड़कर इनकी जमकर पिटाई कर दी.

एक्स पर एक व्यक्ति ने लिखा, “सेना ने तमाम गुंडे दंगाइयों की जमकर की कुटाई, बूथ कैप्चरिंग की कर रहे थे कोशिश और यह ऐसी कोई एक घटना नहीं आज ऐसी सैकड़ों घटनाएं सामने आईं. भारतीय सेना आगे सभी राष्ट्रभक्त तुम्हारे साथ हैं.”  हालांकि इस शख्स ने साफतौर पर ये नहीं बताया कि वीडियो कहां का है.

Advertisement

इसका आर्काइव्ड वर्जन यहां देखा जा सकता है.

आजतक फैक्ट चेक ने पाया कि ये वीडियो बांग्लादेश का है जहां आम चुनाव से पहले एक सरकारी स्कूल में मॉक अभ्यास कराया गया था.

कैसे पता लगाई सच्चाई?

वीडियो में दिख रहे बोर्ड पर बांग्ला में कुछ लिखा हुआ है. गूगल लेंस से ट्रांसलेट करने पर पता चला कि ये बांग्लादेश में 13 वें आम चुनाव से पहले एक मॉक अभ्यास से संबंधित है. ये अभ्यास दिघिनाला उपजिला के रसिक नगर में एक सरकारी स्कूल में किया गया था.

इतनी जानकारी के साथ हमें गूगल मैप्स के स्ट्रीट व्यू पर भी हूबहू यही लोकेशन मिल गई. इसमें नजर आ रही स्कूल की हरी बिल्डिंग वही है जो वायरल वीडियो में भी देखी जा सकती है.

साफ है कि ये वीडियो पश्चिम बंगाल नहीं, बल्कि बांग्लादेश का है. 

fact check

हमें इस अभ्यास से संबंधित कई बांग्लादेशी आउटलेट्स की रिपोर्ट्स मिलीं. The Daily Amar Bangladesh, Bortaman Bangla समेत कई आउटलेट्स ने फरवरी में इस पर खबरें की थीं .

इन खबरों के मुताबिक आम चुनाव के दौरान सुरक्षा और कानून व्यवस्था की स्थिति को सुनिश्चित करने के लिए दिघिनाला जोन के रसिक नगर सरकारी प्राथमिक विद्यालय में ये चुनाव अभ्यास आयोजित किया गया था. 

---- समाप्त ----
Live TV

क्या आपको लगता है कोई मैसैज झूठा ?
सच जानने के लिए उसे हमारे नंबर 73 7000 7000 पर भेजें.
आप हमें factcheck@intoday.com पर ईमेल भी कर सकते हैं
Advertisement
Advertisement