असम में इस साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले यहां सियासी हलचल तेज हो गई है. चुनाव से पहले कांग्रेस में उस वक्त हड़कंप मच गया जब पार्टी के कद्दावर नेता भूपेन बोरा ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया. इस्तीफे के बाद पार्टी ने काफी मान-मनौवल की. इसके बाद खबरें आईं कि उन्होंने अपना इस्तीफा वापस ले लिया. लेकिन ताजा रिपोर्ट्स के मुताबिक वो 22 फरवरी को बीजेपी में शामिल हो सकते हैं.
इसी बीच सोशल मीडिया पर आजतक के नाम पर एक फर्जी क्लिप वायरल हो गई है. इसे शेयर करते हुए कहा जा रहा है कि असम में सीएम हिमंत बिस्वा सरमा और भूपेन बोरा के बीच करोड़ों रुपये की डील हुई है.
वायरल हो रहे वीडियो में आजतक के एंकर राजीव ढौंडियाल ब्रेकिंग न्यूज पढ़ते नजर आ रहे हैं. इसमें वो कथित तौर पर कहते दिखते हैं कि असम में 50 करोड़ रुपये की डील को लेकर सियासी बवाल मचा है और हिमंत बिस्वा सरमा और भूपेन बोरा के बीच बड़ा आर्थिक लेनदेन हुआ है.
इस वीडियो को शेयर करते हुए कुछ लोग बीजेपी पर चुनाव ने पहले खरीद-फरोख्त का आरोप लगा रहे हैं. एक व्यक्ति ने एक्स पर लिखा, “असम बीजेपी ने 50 करोड़ में खरीदा लगातार पिछला तीन चुनाव हारा हुआ कांग्रेसी नेता, हिमंता बिस्वा सरमा की इस डील को लोगों ने बताया मूर्खता! जनता पुछ रही क्या भाजपा देश और प्रदेश का पैसा सरकार गिराने और नेता खरिदने मे खर्च कर रही है?”
लेकिन ये वीडियो पूरी तरह से फर्जी है. आजतक टीवी चैनल या संस्थान के किसी भी डिजिटल प्लेटफॉर्म पर ऐसी कोई खबर नहीं चलाई गई है. एंकर राजीव ढौंडियाल की AI आवाज का इस्तेमाल करके असली खबर के साथ छेड़छाड़ की गई है. असली वीडियो में एंकर सिर्फ भूपेन बोरा के इस्तीफे से जुड़ी जानकारी दे रहे थे.
वायरल हो रहे वीडियो के ग्राफिक में स्पेलिंग की गलतियां हैं. एंकर के होंठों के मूवमेंट को गौर से देखने पर साफ पता चलता है कि ये असली नहीं है. एंकर की आवाज के साथ उनके होंठों का मूवमेंट भी मेल नहीं खा रहा. साफ है कि इसमें एंकर की आवाज AI से बनाई गई है.