टीवी एक्टर करण वाही ने उन अफवाहों पर साफ जवाब दे दिया है, जिनमें कहा जा रहा था कि उन्होंने एक्टिंग छोड़ दी है. दरअसल, उनके एक इंटरव्यू को गलत तरीके से पेश किया गया, जिससे लोगों को लगा कि वो अब पूरी तरह आध्यात्म (स्पिरिचुअलिटी) की ओर चले गए हैं.
एक्टिंग छोड़ने की खबरों पर क्या बोले करण?
ये चर्चा तब शुरू हुईं जब एक इंस्टाग्राम पेज ने उनके इंटरव्यू का एक हिस्सा शेयर किया और दावा किया कि करण ने एक्टिंग छोड़ दी है. इस पर करण ने 22 अप्रैल को अपनी इंस्टा स्टोरी पर वही पोस्ट शेयर करते हुए लिखा- स्पिरिचुअल होने का मतलब ये नहीं है कि मैं अपना काम छोड़ दूं. प्लीज सिर्फ वायरल होने के लिए ऐसी अफवाहें मत फैलाइए. जिस व्यक्ति ने ये पोस्ट डाली है, उससे रिक्वेस्ट है कि इसे हटा दें.
स्पिरिचुअल लाइफ में क्या बदलाव आए?
करण ने पारस छाबड़ा के साथ एक पॉडकास्ट में बताया कि पिछले कुछ महीनों में उनकी लाइफस्टाइल काफी बदल गई है. उन्होंने नाम जप करना शुरू किया है, वृंदावन से लाई हुई तुलसी माला पहनते हैं और पिछले तीन महीनों से नॉन-वेज खाना पूरी तरह छोड़ दिया है.
उन्होंने ये भी बताया कि नीम करोली और प्रेमानंद महाराज से उन्हें काफी प्रेरणा मिली है. वो उनके प्रवचन भी सुनते हैं. करण ने कहा- मैंने कभी नहीं सोचा था कि मैं वेजिटेरियन बन जाऊंगा, लेकिन अब तुलसी माला पहनने के बाद बहुत शांति महसूस होती है.
स्किन की गंभीर समस्या से जूझे
करण ने ये भी खुलासा किया कि वो एक समय पर गंभीर स्किन प्रॉब्लम से गुजर रहे थे. उन्होंने बताया- मेरी स्किन अंदर से सूखने लगी थी. आधा शरीर बहुत ड्राय हो जाता था. खुजलाने पर स्किन फट जाती थी और खून निकलने लगता था. सुबह उठकर बेडशीट पर खून के निशान देखकर डर लगता था.
हालांकि, करण का कहना है कि हेल्दी लाइफस्टाइल और खान-पान में बदलाव करने के बाद अब उन्हें काफी राहत मिली है.
करण वाही को रीमिक्स, दिल मिल गए और बात हमारी पक्की है जैसे टीवी शोज से पहचान मिली. इसके अलावा उन्होंने झलक दिखला जा जैसे रियलिटी शोज को होस्ट भी किया है. अब वो OTT प्लेटफॉर्म्स पर भी एक्टिव हैं और लगातार काम कर रहे हैं.