टेलीविजन और फिल्मों में पिछले कई सालों से काम कर रहीं जसवीर कौर को हमने कई प्रोजेक्ट्स में देखा है. इन दिनों वो स्टार प्लस के सीरियल 'अनुपमा' में भी नजर आ रही हैं. जसवीर इसके अलावा कई आइकॉनिक टीवी शोज का भी हिस्सा रह चुकी हैं. उनमें से एक सोनी टीवी का शो 'CID' है, जिसमें वो इंस्पेक्टर काजल बनी थीं.
जसवीर ने सुनाई CID छोड़ने की रियल स्टोरी
जसवीर ने 'CID' में लगभग 2 साल काम किया, मगर तभी अचानक वो शो से निकल गईं. अब इसके पीछे की वजह खुद एक्ट्रेस ने करीब 14 साल बाद बताई है. जसवीर कौर ने खुलासा किया है कि उन्हें 'CID' से निकाला गया था. उनपर कई आरोप लगाए गए, जिसके बाद उन्हें शो छोड़ना पड़ा. सुभोजीत घोष के यूट्यूब चैनल पर जसवीर ने बताया, 'CID में मुझसे शो छोड़ने के लिए कहा गया. मुझे ऑफिस में बुलाया गया कि आप शो छोड़ दो. मैं 3 महीने तक डिप्रेशन में थी, 45 दिनों तक हर रोज रोती रही.'
जसवीर ने बताया कि उन्होंने CID में 1 साल 10 महीनों तक काम किया. वो लगातार 31 दिन तक शूट किया करती थीं, जिसमें उन्हें छुट्टी भी नहीं मिलती थी. एक्ट्रेस को काम के लिए काफी पैसे मिला करते थे. मगर तभी उन्हें अचानक शो छोड़ने के लिए कहा गया जिससे उन्हें तगड़ा झटका लगा. जसवीर ने बताया कि उन्हें क्या कहकर शो से निकाला गया, 'वो बोलते थे कि मेरा बर्ताव सेट पर बुरा है. मैं ठीक से चलती नहीं हूं. उन्होंने ऐसा कहा कि अगर आपके लाइन्स नहीं होती, तो आप स्क्रिप्ट फेंक देती हैं. गंदी भाषा का इस्तेमाल करती हो. मैं सोचती थी कि ऐसा कब हुआ.'
'मैंने उन्हें काउंटर करने की कोशिश की. ये पूरा सीन 45 दिन तक चला. जब एक राउंड टेबल मीटिंग हुई, तब मेरी आंखों में सिर्फ आंसू थे और मुझे नहीं पता चल रहा था कि क्या हो रहा है.' जसवीर ने इसी बातचीत में ये भी बताया कि उन्हें CID के किसी भी एक्टर जैसे शिवाजी साटम, दया या आदित्य श्रीवास्तव से कोई सपोर्ट नहीं मिला. कास्ट मेंबर्स में से कोई भी उनके लिए खड़ा नहीं हुआ.