बालिका वधु, मेरी आशिकी तुमसे ही शो फेम एक्ट्रेस स्मृति खन्ना ने चौंकाने वाला खुलासा किया है. उनका कहना है कि वो एक प्ले से सिर्फ इसलिए निकाली गई थीं क्योंकि वो बोल्ड सीन और हीरो के साथ कॉम्प्रोमाइज करने को तैयार नहीं थीं. बिना उस एक्टर का नाम लिए स्मृति ने बताया कि उसने अपनी उम्मीदें बांधी हुई थीं. उस एक्टर के असिस्टेंट ने एक्ट्रेस को कॉल कर डिटेल्स बताई थीं.
स्मृति का बड़ा खुलासा
टेली चक्कर से बातचीत में स्मृति ने कहा कि मुझे एक प्ले ऑफर हुआ था. उसमें एक बहुत बड़े हीरो थे, वो बहुत पॉपुलर हैं. आज के भी टॉप स्टार में गिने जाते हैं, उनका काफी नाम है. उन्होंने डायरेक्टली तो मुझसे कुछ नहीं कहा था, लेकिन अपने असिस्टेंट के जरिए कहलवाया था. उनकी अपनी कुछ उम्मीदें थी मुझसे कि जब ये प्ले अलग अलग शहरों में होगा, और हम जाएंगे तो ये हीरोइन हर उस जगह हमारे साथ होंगी. हालांकि बाद में उनको लगा कि ये नहीं मानेगी तो उन्होंने मुझे उस प्ले से हटा दिया.
'उनके असिस्टेंट का फोन आया कि स्मृति आप ना ये प्ले मत करो, जब मैंने पूछा कि क्यों तो कहा कि- मैं आपको वजह तो नहीं बता पाऊंगा लेकिन आप बहुत अच्छी लड़की हो तो आप ये मत करो.'
बोल्ड सीन नहीं थी वजह...
स्मृति ने आगे खुद ही वजह तलाशते हुए सोचा कि शायद उन्होंने एक बोल्ड सीन करने से मना किया था इस वजह से कह रहे होंगे. वो बोलीं- मेरा एक सीन था जिसमें मुझे नहाने के बाद तौलिया लपेट कर आना था, मैंने वो करने से मना कर दिया था. तो मुझे लगा शायद इसलिए मुझे हटाया. तो मैंने कहा कि वो सीन की अगर बात है तो मैं कर लूंगी. रख लो उस सीन को. आप तौलिया स्टिच कर देना, गिरेगा नहीं. लेकिन उस असिस्टेंट ने फिर हिचकते हुए कहा कि मैं भी छोड़ रहा हूं ये प्ले, आप भी छोड़ दो. वजह वो नहीं है.
स्मृति ने बताया कि बाद में मुझे किसी और के जरिए पता चला कि मुझे इसलिए निकाला क्योंकि हीरो के हिसाब से प्ले उनके नाम पर चलने वाला है तो उन्हें हीरोइन से क्या मिलेगा. बड़ी बात ये कि वो एक्टर शादीशुदा हैं, और आज भी कई बड़े शोज और रिएलिटी का हिस्सा हैं.
स्मृति टेलीविजन की दुनिया का जाना माना चेहरा हैं. वो इस प्यार को क्या नाम दूं 3, ये है आशिकी, ढप्पा जैसे कई सीरियल्स का हिस्सा रह चुकी हैं.