मेट गाला 2019 में कई सितारों ने अपने रंग-बिरंगे और अजीबोगरीब परिधान से वाहवाही लूटी, लेकिन एक शख़्स ऐसे भी थे जिन्होंने ना केवल परिधान बल्कि अपने बेहद ट्रिपी मेकअप से कई लोगों को चौंका दिया. हॉलीवुड के मल्टीटैलेंटेड एक्टर एजरा मिलर एक मास्क के साथ इस इवेंट में पहुंचे थे. उन्होंने धीरे धीरे अपना मास्क हटाना शुरू किया और उनके हैरतअंगेज़ मेकअप से लोग दंग रह गए.
उनके चेहरे पर सात आंखें नज़र आ रही थीं और उनका मेकअप इतना ट्रिपी था कि उन्हें देखने भर से ही एक अजीब सिहरन पैदा हो रही थी. मिलर का ये मेकअप कनाडा की एक मेकअप आर्टिस्ट मिमी कोई ने तैयार किया है. मिमी ने इस दौरान एजरा के लुक को लेकर एक वेबसाइट से बातचीत की.
अपने मेट गाला लुक से क्या हासिल करना चाहते थे एजरा?
मिमी ने बताया कि मेट गाला 2019 की थीम कैंप थी. कैंप का मतलब है कि एक ऐसा ट्रांसफॉर्मेशन जिससे हर इंसान को एक बार जरूर गुजरना चाहिए. उनके लुक में मौजूद कई सारी आंखें उन छिपी हुई लेयर्स का प्रतिनिधित्व कर रही थी जिन्हें अक्सर लोग सामने लाना नहीं चाहते हैं.
मिमी के मुताबिक़, "इवेंट से पहले मेरी और मिलर की इस मुद्दे पर काफी बातचीत हुई थी और हम दोनों ही एक ऐसे लुक पर तैयार हुए जिसे मैं पहले एक बार तैयार कर चुकी थी. मैं बहुत उत्साहित थी कि एजरा इतना बोल्ड लुक इस इवेंट के लिए कैरी करना चाहते हैं. हमने इसके बाद इस लुक पर मेहनत करनी शुरू की थी."
कैसा लगा एजरा का कॉन्सेप्ट?
View this post on Instagram
मिमी ने कहा 'मुझे एजरा का कॉन्सेप्ट बेहद पसंद आया. मुझे लगता है कि ये लुक कई तरह के इमोशन्स, आपकी पर्सनैलिटी के छिपे हुए हिस्से और एल्टर इगो को कई मायनों में दिखाता है. कई बार हम अपनी पर्सनैलिटी के कुछ संवेदनशील हिस्सों को दुनिया के सामने लाने में घबराते हैं लेकिन कभी-कभी हमें अपने आपको पूरी सत्यता के साथ दर्शाना चाहिए और जजमेंट की फीलिंग से घबराना नहीं चाहिए.'
मिमी के मुताबिक़ मुझे लगता है कि आप जैसे हैं और जैसे बने रहना चाहते हैं, अगर उसे आप दुनिया के सामने बेझिझक ला सकते हैं तो इससे बेहतर बात कोई नहीं हो सकती है.
कैसे किया मेकअप?
मेकअप के प्रोसेस के बारे में बात करते हुए कहा कि हमने मेकअप की शुरुआत सुबह 4 बजे की थी और मुझे इस लुक को पूरा करने में पांच घंटों का समय लगा था. हालांकि ये लुक सुबह 9.30 बजे तक पूरा हो गया था. लेकिन मुझे पूरे दिन उनके साथ रहना पड़ा ताकि इस लुक को टचअप देती रहूं. चूंकि हमने काफी सुबह इस लुक की शुरुआत कर दी थी, ऐसे में मेरे लिए जरूरी था कि मैं ऐसे प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल करूं जो पूरे दिन चल पाए.
View this post on Instagram
मिमी के लिए क्या है कैंप थीम का मतलब -
View this post on Instagram
मिमी के मुताबिक़, नॉर्मल की पारंपरिक परिभाषा से कुछ अलग करना और कुछ ऐसा करना जो आपको अपने दिल के करीब लगे और वो आपके लिए सामान्य हो फिर भले ही लोग उस बारे में अलग-अलग राय रखते हों. इसके अलावा बिना किसी जजमेंट के डर के अपने आपको सही मायनों में एक्सप्रेस करना ही कैंप का मतलब होता है. मैं अपने मेकअप स्टायल को कैंप मानती हूं क्योंकि इसके सहारे मैं समाज की बनी बनाई धारणाओं को तोड़ती हूं और अपना खुद का यूनिक विजन पेश करती हूं. ऐसा मैं अंदर से फील करती हूं और ये मेरे लिए सामान्य या नॉर्मल है, फिर वो भले ही किसी और के लिए अजीबोगरीब क्यों ना हो.