तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी.जोसेफ विजय यानी थलपति विजय एक आखिरी बार बड़े पर्दे पर छाने को तैयार हैं. उनकी 7 महीने से सेंसर बोर्ड में अटकी फिल्म जन नायगन को बीते दिन सर्टिफिकेट मिल गया. विजय की फिल्म A सर्टिफिकेट से पास हुई, जिसकी ऑफिशियल रिलीज डेट अभी आनी बाकी है.
सीएम थलपति विजय की फिल्म जन नायगन 9 जनवरी को रिलीज होनी थी, लेकिन फिल्म के कुछ आपत्तिजनक सीन्स के चलते इसका सेंसर सर्टिफिकेट रोका गया था. अब चूंकि इसे CBFC ने पास कर दिया है, तो इसमें उनकी तरफ से कई सारे बदलाव किए गए हैं. न्यूज 18 की रिपोर्ट अनुसार, फिल्म जन नायगन में 12 कट लगे हैं.
किन बदलावों से पास हुई सीएम विजय की फिल्म?
सीएम विजय की फिल्म में सबसे बड़ा बदलाव उनकी पॉलिटिकल पार्टी TVK से जुड़ा है. दरअसल, जन नायगन फिल्म में एक्टर का नाम थलपति वेट्री कोंडन है, जो शॉर्ट में TVK बनता है. वहीं विजय की पार्टी का पूरा नाम तमिलगा वेट्री कषगम (TVK) है. फिल्म के अंदर इसी रेफरेंस को बदला गया है.
रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म में 'अंबेडकर सत्तम को टीवीके सत्तम (सत्ता)' डायलॉग भी बदला गया. कहा जा रहा है कि ऑडियो और विजुअल ट्रैक से भी इसे हटाया गया है. ये डायलॉग फिल्म के रनटाइम पर असर डाले बिना म्यूट और बदला गया. रिपोर्ट में ये भी बताया गया है कि सर्टिफिकेशन नोट में ऑडियो और विजुअल दोनों में कई और दूसरे बदलाव किए गए हैं. एक सीन में किताब के कवर पेज अंबेडकर दिख रहे हैं, उसे बदला गया है. हालांकि इस बदलाव से फिल्म के रनटाइम पर असर नहीं पड़ा है.
डायलॉग हुए म्यूट, हटाए गए विवादित सीन्स
एक सबसे जरूरी बदलाव सीएम विजय की फिल्म में भारत के झंडे को लेकर किया गया है. जन नायगन में एक सीन है जिसमें भारतीय झंडे को जमीन पर गिरते हुए दिखाया जा रहा है. ये वाले सीन अब हटा दिया गया है. वहीं 'भागवतम' और 'रंगनाथर' जैसे शब्दों को म्यूट कर दिया गया, जबकि 'थेविडिया पैय्या' और 'ओथा' शब्दों को भी बदलाव के हिस्से के रूप में साइलेंट किया गया है.
थलपति विजय की फिल्म में 'ओम' शब्द के हर उदाहरण को हटा दिया गया है, जबकि ऑपरेशन मेलुहा को बताने के दौरान इस्तेमाल किए गए 'न्यू इंडिया' शब्द को भी काटा गया है. जान नायगन फिल्म में 'थूकूला थूकिराचावन...अवनौ मेडायला लीक पन्नी' डायलॉग, जो सद्दाम हुसैन को फांसी दिए जाने का संदर्भ देता था, उसे या तो म्यूट कर दिया गया या बदल दिया गया है. एक और सीन में डिप्टी कमिश्नर के ऑफिस के बैज को अपमानजनक तरीके से नीचे गिराते हुए दिखाया गया था, जिसे एडिट करके बदल दिया गया.
सर्टिफिकेशन नोट में ये बात सामने आई है कि 'पोन्नोडा... कुधु वचिरुक्कुम, उडम्बु एरिकिरुणु' डायलॉग और 'इंडिया एन कल्ला विरला वैकरने' जैसे शब्दों को म्यूट किया है. वहीं एक बच्चे को जलाए जाने वाले सीन को हटाकर बदल दिया गया. फिल्म में 'सिलुवइला' शब्द म्यूट हुआ है, और फिल्म में जहां भी 'शीला रानी' नाम आया, उसे बदल दिया गया है.
कितनी लंबी है सीएम विजय की आखिरी फिल्म?
थलपति विजय की फिल्म 12 कट लगने के बावजूद 3 घंटे 3 मिनट लंबी है. इसे एच. विनोथ ने डायरेक्ट किया है, जिसमें पूजा हेगड़े और बॉबी देओल मेन लीड रोल में नजर आएंगे.