मलयालम सिनेमा हमेशा से अपनी बेहतरीन कहानियों के लिए जाना जाता है. हाल ही में बॉक्स ऑफिस पर एक ऐसी फिल्म ने तहलका मचा दिया है जिसकी चर्चा हर तरफ हो रही है. हम बात कर रहे हैं 'वाझा 2: बायोपिक ऑफ अ बिलियन बॉयज' की. इस फिल्म ने अपनी सफलता से बड़े-बड़े धुरंधरों को पीछे छोड़ दिया है.
दिलचस्प बात यह है कि जहां बड़ी फिल्मों को 100 करोड़ तक पहुंचने में पसीने छूट जाते हैं, वहीं 'वाझा 2' ने महज 20 दिनों के भीतर दुनियाभर में 200 करोड़ रुपये से ज्यादा का कलेक्शन कर सबको हैरान कर दिया है. फिल्म की इस कामयाबी ने न केवल दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींचा है, बल्कि मॉलीवुड के कई पुराने रिकॉर्ड्स भी ध्वस्त कर दिए हैं.
बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त रफ्तार
'वाझा 2' की सफलता में सबसे बड़ा हाथ 'वर्ड ऑफ माउथ' यानी लोगों की तारीफ का रहा है. फिल्म ने अपनी रिलीज के तीसरे हफ्ते में भी मजबूती बनाए रखी है. आंकड़ों की बात करें तो अपने 20वें दिन यानी तीसरे मंगलवार को फिल्म ने करीब 1.90 करोड़ रुपये का बिजनेस किया, जो यह साफ दर्शाता है कि फिल्म को लेकर क्रेज कम नहीं हुआ है.
सैकनिल्क की रिपोर्ट के मुताबिक,भारतीय बॉक्स ऑफिस पर अब तक इसका नेट कलेक्शन लगभग 111.10 करोड़ रुपये हो चुका है. जानकारों का मानना है कि फिल्म जल्द ही 125 करोड़ का आंकड़ा पार कर लेगी और 'मंजुम्मेल बॉयज' जैसी बड़ी फिल्मों की लीग में शामिल हो जाएगी.
दिग्गज सुपरस्टार मोहनलाल को पछाड़ा
इस फिल्म की सबसे बड़ी उपलब्धि यह है कि इसने कमाई के मामले में मलयालम सुपरस्टार मोहनलाल की फिल्म 'L2: Empuraan' को भी पीछे छोड़ दिया है. 'L2: Empuraan' का लाइफटाइम कलेक्शन जहां 106.77 करोड़ रुपये था, वहीं 'वाझा 2' 111 करोड़ से ऊपर निकल चुकी है. अब इसकी अगली नजर मोहनलाल की ही एक और फिल्म 'थुडारम' पर है, जिसने 122 करोड़ की कमाई की थी. उम्मीद है कि अगले कुछ दिनों में यह फिल्म उसे पछाड़कर तीसरी सबसे बड़ी मलयालम फिल्म बन जाएगी.
दुनियाभर में कमाई का डंका
सिर्फ भारत ही नहीं, बल्कि विदेशी बाजारों में भी फिल्म को खूब प्यार मिल रहा है. फिल्म के 20वें दिन के आंकड़ों पर नजर डालें तो भारत में इसका कुल ग्रॉस कलेक्शन 128.47 करोड़ रुपये रहा. वहीं विदेशों से फिल्म ने अब तक 83.55 करोड़ रुपये बटोर लिए हैं. इन दोनों को मिलाकर 'वाझा 2' का वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन 212.02 करोड़ रुपये के पार पहुंच गया है.
चार दोस्तों की दिलचस्प कहानी
साविन सा के डायरेक्शन में बनी इस फिल्म की जान इसकी कहानी है, जिसे विपिन दास ने लिखा है. फिल्म का प्लॉट हासिर, आलन, अजिन और विनायक नाम के चार दोस्तों के इर्द-गिर्द बुना गया है. समाज और परिवार की नजरों में ये चारों 'लूजर्स' यानी नाकामयाब लड़के हैं. फिल्म में दिखाया गया है कि कैसे जब उन्हें अपनी इस छवि का एहसास होता है, तो वे खुद को खोजने के सफर (सेल्फ डिस्कवरी) पर निकलते हैं. लड़कपन से मैच्योरिटी तक का यह सफर दर्शकों को काफी इमोशनल और मनोरंजक लग रहा है, यही वजह है कि युवा वर्ग इस फिल्म से खुद को जोड़ पा रहा है.
बता दें कि सबसे पहले 2024 में फिल्म ‘वाझा: बायोपिक ऑफ ए बिलियन बॉयज’ रिलीज हुई थी. जिसने 38 करोड़ कमाए थे, पर तब बजट भी सिर्फ 4 करोड़ रुपये ही था. वहीं इसके दूसरे पार्ट का बजट महज 10 करोड़ रुपये है. जानकारी के मुताबिक इसके तीसरे पार्ट पर काम शुरू होने वाला है. जिसकी कहानी लड़कों पर नहीं बल्कि लड़कियों पर होगी.
मलयालम की टॉप फिल्मों में बनाई जगह
'वाझा 2' अब भारत में सबसे ज्यादा कमाई करने वाली टॉप 10 मॉलीवुड फिल्मों की लिस्ट में चौथे पायदान पर मजबूती से खड़ी है. इस लिस्ट में 'लोका चैप्टर 1'- (157.01 करोड़) और 'मंजुम्मेल बॉयज' (142.08 करोड़) जैसे नाम टॉप पर हैं. जिस तरह से यह फिल्म अभी भी सिनेमाघरों में टिकी हुई है, उसे देखकर लगता है कि यह आने वाले दिनों में कई और रिकॉर्ड अपने नाम करेगी.
200 करोड़ क्लब की 5वीं फिल्म
वाझा 2: बायोपिक ऑफ ए बिलियन बॉयज 200 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार करने वाली पांचवीं मलयालम फिल्म बन गई है. अब तक की सबसे अधिक कमाई करने वाली मलयालम फिल्म 'लोका चैप्टर 1: चंद्रा' है. जिसने वर्ल्डवाइड 303 करोड़ रुपये की कमाई की है. दूसरे नंबर पर मोहनलाल की एल2: एम्पुरान जिसने वर्ल्ड वाइड 266 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई की. तीसरे नंबर पर फिल्म 'मंजुम्मेल बॉयज' है, इस फिल्म ने दुनिया भर में 241 करोड़ रुपये कमाए. वहीं मोहनलाल की एक और फिल्म,'थुडारम' इस लिस्ट में चौथे स्थान पर है. इसने दुनिया भर में 235 करोड़ रुपये की कमाई की है.