दिल्ली में इन दिनों इंडिया टुडे कॉन्क्लेव का मंच सजा है. दो दिन के इस इवेंट में कई दिग्गज शिरकत करने वाले हैं. पहले दिन कॉन्क्लेव में पंजाब से एक 19 साल की रैपर परमजीत कौर ने शिरकत की, जहां उन्होंने अपनी जिंदगी और लाइफ स्ट्रगल्स पर बात की. परमजीत कौर सोशल मीडिया सेंसेशन हैं और अपनी गायिकी से कई लोगों का अपना दीवाना बना चुकी हैं. ऐसे में उन्होंने इंडिया टुडे कॉन्क्लेव पर भी अपनी आवाज से लोगों को इंप्रेस किया.
19 साल की रैपर परमजीत का जलवा
मॉडरेटर विक्रांत गुप्ता ने परमजीत से उन्हीं की भाषा में बात करते हुए उनसे सिंगिंग के सफर पर सवाल किए. परमजीत ने बताया कि उनके साथ जो कुछ भी अच्छा हुआ, वो भगवान की दया से खुद हुआ. मैं अपने दोस्तों के साथ गई थी, तो वहां उन्होंने मुझसे कहा कि तुम भी गाओ. किसी ने मेरे गाने की रील बना दी, अगले दिन मैंने देखा वो वायरल हो गई. मैंने एक पंजाबी-इंग्लिश मिक्स गाना गाया था.
परमजीत ने आगे बताया कि उन्हें गाने का शौक कैसे पैदा हुआ- जब मैं छोटी थी, तब स्कूल में एक फंक्शन था. तो किसी ने पूछा कि आपको सिंगिंग में हिस्सा लेना है? तब मैंने गाना शुरू किया था. परमजीत बताती हैं कि वो म्यूजिक के साथ-साथ पढ़ाई भी करती हैं. सिंगर कहती हैं कि उनकी जिंदगी पिछले 12 महीनों में काफी बदली है.
उन्हें म्यूजिक में दिलचस्पी थी, मगर इसमें करियर बनाने से वो हिचक रही थीं. परमजीत पढ़ाई करके नौकरी करना चाहती थीं, मगर म्यूजिक ने उन्हें चुना और अब उन्हें सोशल मीडिया पर स्टार बना दिया. उनका कहना है कि उन्हें पहले लोगों के सामने परफॉर्म करने से घबराहट होती थी, मगर अब उनमें कॉन्फिडेंस आ गया है. उनकी फैमिली इस तरक्की से काफी खुश है.
परमजीत ने इस बातचीत में खुलासा किया कि उनके पिता लेबर का काम करते थे और उनकी मां लोगों के घर-घर जाकर साफ-सफाई का काम करती थीं. सिंगर ने बताया कि जब वो फेमस हुईं, तब उनके घरवालों का रिएक्शन काफी अजीब था. उन्हें लगा कि लोग उन्हें परेशान करते हैं, काम नहीं करने देते. लेकिन उन्हें खुशी भी होती है.
कैसे वायरल होने के बाद बदली जिंदगी?
परमजीत बताती हैं कि उनकी जब रील वायरल हुई, तब एक विदेशी प्रोड्यूसर मनी संधू उनके पास आए थे ताकि वो उन्हें लेकर एक प्रोजेक्ट बना सकें. सिंगर ने कहा- जब मेरी रील वायरल हुई, तब एक सिंगर ने मुझे कॉल किया कि हम एक गाना साथ बनाते हैं. प्रोड्यूसर को मेरी आवाज काफी पसंद आई, जिसके बाद हमने 'दैट गर्ल' करके एक गाना बनाया.
परमजीत कहती हैं कि जब उनके माता-पिता घर के बाहर लोगों से मिलते हैं और वो उन्हें परमजीत के नाम से पहचानते हैं, तो उन्हें बहुत अच्छा लगता है. उन्होंने किस्सा सुनाया कि जब उनकी मां शादी में गई थीं, तो किसी ने उनसे पूछा कि क्या वो परम की मां हैं. सिंगर बताती हैं कि वो काफी नाराज हुईं जब उनकी मां ने अनजान शख्स को असलियत बताई. परमजीत कहती हैं कि उन्हें ये सब अच्छा नहीं लगता है.
परमजीत ने म्यूजिक लिखने की शुरुआत पर भी बात की. उन्होंने कहा कि वो अपने दोस्तों को देखकर लिखा करती थीं. फिर उनके अंदर गाना लिखने की दिलचस्पी बढ़ती रही, जिसके बाद वो अब बढ़िया से बढ़िया गाने बनाती हैं. परमजीत ने जाते-जाते अपने फ्यूचर प्लान पर बात की. वो बताती हैं कि उन्होंने अभी कुछ खास सोचा नहीं, मगर वो 'गो विद द फ्लो' वाली फिलॉसफी में विश्वास रखती हैं. वो फिलहाल कई सारे गानों और एल्बम्स पर काम कर रही हैं, जो जल्द रिलीज होंगे.