‘द केरला स्टोरी 2’ गुरुवार जिस तरह कोर्ट में फंसी, उसके बाद ये मुश्किल नजर आने लगा था कि शुक्रवार को ये फिल्म रिलीज भी हो पाएगी. पर शुक्रवार को ये सिर्फ रिलीज ही नहीं हुई, बल्कि इसने बॉक्स ऑफिस पर दमदार शुरुआत भी की है. सुबह कई जगह शोज कैंसिल होने और केरल हाई कोर्ट से हरी झंडी मिलने का इंतजार करने के बावजूद इसने पहले दिन ठीकठाक दर्शक जुटाए.
‘द केरला स्टोरी 2’ का ओपनिंग कलेक्शन
बुक माय शो के ट्रेंडिंग टिकर से पता चलता है कि पिछले 24 घंटों में (शुक्रवार सुबह 9 बजे से शनिवार सुबह 9 बजे तक) ‘द केरला स्टोरी 2’ के 21 हजार से ज्यादा टिकट बुक हुए. पिछले हफ्ते रिलीज हुई तापसी पन्नू की फिल्म ‘अस्सी’ के लिए लगभग इतने ही टिकट तीसरे दिन जाकर बिक रहे थे, जितने ‘द केरला स्टोरी 2’ के लिए पहले दिन बिके. इस टिकट सेल का फायदा फिल्म के बॉक्स ऑफिस कलेक्शन पर भी नजर आया.
ट्रेड रिपोर्ट्स के अनुमान हैं कि ‘द केरला स्टोरी 2’ ने पहले दिन करीब 3.5 करोड़ कलेक्शन किया है. ये नंबर छोटा जरूर नजर आता है, मगर फिल्म के रास्ते में आए स्पीड ब्रेकर्स बताते हैं कि ये आंकड़ा क्यों एक सरप्राइज है.
गुरुवार को केरल हाई कोर्ट में सिंगल जज के फैसले में ‘द केरला स्टोरी 2’ की रिलीज पर स्टे लगाया गया था. गुरुवार को ही फिल्म की टीम ने हाई कोर्ट में दो जजों की बेंच के सामने पहले जजमेंट को चुनौती दी. देर रात तक चली सुनवाई के बाद बड़ी बेंच ने अपना फैसला रिजर्व कर लिया था. इसलिए शुक्रवार सुबह ये स्पष्ट नहीं था कि ‘द केरला स्टोरी 2’ रिलीज हो पाएगी या नहीं. इसलिए शुक्रवार सुबह कई लोकेशंस पर फिल्म की बुकिंग शुरू ही नहीं हुई. लोगों में भी फिल्म की रिलीज को लेकर कन्फ्यूजन था.
पहली फिल्म के मुकाबले कैसी है ओपनिंग?
2023 में ‘द केरला स्टोरी’ भी रिलीज से पहले कंट्रोवर्सी और कोर्ट केस झेलकर आ रही थी. मगर अदा शर्मा स्टारर फिल्म के लिए जनता में एक पॉजिटिव मूवमेंट पहले से नजर आ रहा था. इस मूवमेंट ने ‘द केरला स्टोरी’ को 8 करोड़ से ज्यादा की बॉक्स ऑफिस ओपनिंग दिलाई थी. ‘द केरला स्टोरी 2’ के लिए ऐसा मूवमेंट नहीं नजर आया, लेकिन रिलीज से पहले लगातार खबरों में बने रहने का असर शुक्रवार को नजर आया.
‘द केरला स्टोरी 2’ बहुत बड़ी रिलीज भी नहीं है. आधे दिन इसके शोज प्रॉपर नहीं थे. हाई कोर्ट की बड़ी बेंच से रिलीज पर स्टे हटने का फैसला आने के बाद ये क्लियर हुआ कि फिल्म शुक्रवार को ही रिलीज हो रही है. इन सब बातों को देखते हुए ‘द केरला स्टोरी 2’ ने पहले दिन एक मजबूत शुरुआत की है. फिल्म के रिव्यूज बहुत अच्छे नहीं हैं, मगर इसकी किसी को उम्मीद भी नहीं थी. पॉलिटिकल मुद्दों वाली फिल्मों को वर्ड ऑफ माउथ के भरोसे ऑडियंस मिलती है. अब देखना है कि ‘द केरला स्टोरी 2’ इस मजबूत शुरुआत को बड़ी बॉक्स ऑफिस सक्सेस में बदल पाती है या नहीं.