बॉलीवुड की 'मस्तानी' दीपिका पादुकोण इन दिनों अपनी फिल्म से ज्यादा अपने एक कमेंट को लेकर चर्चा में हैं. दरअसल, दीपिका ने अपने पति रणवीर सिंह की ब्लॉकबस्टर फिल्म 'धुरंधर 2: द रिवेंज' का प्रमोशन न करने पर हो रही ट्रोलिंग का जवाब देते हुए कहा था कि उन्होंने यह फिल्म बाकी सबसे बहुत पहले ही देख ली थी. दीपिका का यह अंदाज टीवी और बॉलीवुड एक्ट्रेस सुजैन बर्नर्ट को रास नहीं आया.
सुजैन ने दीपिका को आड़े हाथों लेते हुए न सिर्फ उनके व्यवहार पर सवाल उठाए, बल्कि उन्हें यह तक कह दिया कि अपने पति की सफलता पर शेखी बघारने के बजाय उनकी खुलकर तारीफ करना सीखें.
दीपिका पर साधा निशाना
'ये रिश्ता क्या कहलाता है' फेम सुजैन बर्नर्ट ने दीपिका के हालिया बयान पर तंज कसते हुए सोशल मीडिया पर अपना गुस्सा जाहिर किया. उन्होंने लिखा, 'प्रिय दीपिका, यह कोई शेखी बघारने वाली बात नहीं है. हम अब भी इस बात का इंतजार कर रहे हैं कि आप सार्वजनिक रूप से अपने पति के काम की तारीफ करें. मुझे समझ नहीं आता कि आप ऐसा करने से क्यों बच रही हैं? सुजैन ने अपने पोस्ट में हैशटैग #Dhurandhar2TheRevenge का इस्तेमाल करते हुए सीधे तौर पर दीपिका की चुप्पी को निशाने पर लिया.
दीपिका के कमेंट से शुरू हुआ विवाद
पूरा विवाद तब शुरू हुआ जब नेटिजन्स ने दीपिका पादुकोण को रणवीर सिंह की फिल्म 'धुरंधर 2' का प्रचार न करने के लिए ट्रोल करना शुरू किया. एक सोशल मीडिया पोल में पूछा गया था कि क्या दीपिका की चुप्पी 'ओवरथिंकिंग' है या फिर उन्होंने जानबूझकर फिल्म को नजरअंदाज किया है? इस पर दीपिका ने पलटवार करते हुए लिखा, 'बाद वाला, मेरे दोस्त... (यानी जानबूझकर). साथ ही, मैंने यह फिल्म आप सबसे बहुत पहले देख ली थी, तो अब मजाक किसका बन रहा है?' दीपिका का यह बेबाक अंदाज कई लोगों को अखर गया.
दीपिका की आलोचना इसलिए भी हो रही है क्योंकि उन्हें 'धुरंधर 2' की स्पेशल स्क्रीनिंग में कहीं नहीं देखा गया था. फैंस इस बात से हैरान थे कि जिस फिल्म को इस दशक की सबसे सफल फिल्मों में गिना जा रहा है, उसकी स्क्रीनिंग से तो दीपिका नदारद रहीं, लेकिन अगले ही दिन वह मुंबई में एक म्यूजिक कॉन्सर्ट का लुत्फ उठाती नजर आईं. सोशल मीडिया यूजर्स ने उनकी तुलना करते हुए सवाल उठाए कि क्या दीपिका वाकई अपने पति की कामयाबी का जश्न मनाने में दिलचस्पी नहीं रख रहीं?
कौन हैं सुजैन बर्नर्ट?
बता दें कि सुजैन बर्नर्ट खुद इंडस्ट्री का एक जाना-माना चेहरा हैं. उन्होंने 'ये रिश्ता क्या कहलाता है', 'चक्रवर्ती अशोक सम्राट' और 'द एक्सीडेंटल प्राइम मिनिस्टर' जैसे बड़े प्रोजेक्ट्स में काम किया है. सुजैन दिवंगत अभिनेता अखिल मिश्रा की पत्नी हैं, जिनका साल 2023 में एक दुखद हादसे में निधन हो गया था. सुजैन अक्सर इंडस्ट्री से जुड़े मुद्दों पर अपनी राय बेबाकी से रखती आई हैं.