इंडियन सिनेमा के इतिहास में जब भी सबसे बड़े सुपरस्टार्स की बात होगी, सलमान खान का नाम सबसे ऊपर की कतार में नजर आएगा. पिछले कई दशकों से भाईजान ने बॉक्स ऑफिस पर जो राज किया है, उसकी मिसाल मिलना मुश्किल है. उन्होंने एक के बाद एक ऐसी ब्लॉकबस्टर फिल्में दी हैं, जिन्होंने बॉलीवुड के पूरे बिजनेस को बदलकर रख दिया. अब उन्होंने अपनी सफलता पर रिएक्शन दिया है.
हाल ही में Variety India को दिए इंटरव्यू में सलमान खान ने अपनी सफलता को लेकर बात की है. इसके अलावा उन्होंने ये भी कहा कि उन्होंने अपने करियर में आज तक कभी कोई स्क्रिप्ट नहीं पढ़ी.
सफलता का राज खुद सलमान भी नहीं जानते
जब इंटरव्यू के दौरान सलमान खान से उनकी इस बेमिसाल और लगातार मिलने वाली सफलता का सीक्रेट पूछा गया, तो उन्होंने बहुत ही सादगी और समझदारी से जवाब दिया. सलमान ने माना कि इस कामयाबी का कोई तय फॉर्मूला नहीं है. उन्होंने कहा, 'अगर मैं सच कहूं तो मुझे इस सफलता के बारे में बिल्कुल भी अंदाजा नहीं था, और मुझे लगता है कि असल में किसी को भी इसका अंदाजा नहीं होता. अक्सर लोग ज्ञान देते हुए यही कहेंगे कि बहुत कड़ी मेहनत करो, हमेशा अच्छी स्क्रिप्ट चुनो, अपनी लाइफस्टाइल को सुधारो और अनुशासन में रहो. लेकिन सच तो यह है कि आप कभी पहले से नहीं जान सकते कि आपके फैंस को क्या पसंद आने वाला है और क्या नहीं.'
सही रास्ते पर चलना- सलमान
अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए सलमान ने उन बातों का जिक्र किया जिन्हें वह काम करते वक्त सबसे ज्यादा अहमियत देते हैं. उनका मानना है कि इंसान को दिमाग से ज्यादा अपने दिल की आवाज पर भरोसा करना चाहिए. सलमान ने कहा, 'मेरा साफ मानना है कि अगर आपको कोई चीज दिल से सचमुच बहुत पसंद आ रही है, तो बिना ज्यादा सोचे आगे बढ़कर उसे कर लेना चाहिए. लेकिन इस बीच एक बात का ध्यान रखना सबसे ज्यादा जरूरी है कि आपके नैतिक मूल्य यानी आपके मॉरल्स हमेशा सही होने चाहिए. आपको हर हाल में नैतिक, सैद्धांतिक, भावनात्मक और आज के दौर के हिसाब से राजनीतिक रूप से भी सही होना बेहद जरूरी है.'
सलमान खान की आने वाली फ़िल्में
काम की बात करें तो, सलमान अपनी वॉर फिल्म 'मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस' की रिलीज का इंतजार कर रहे हैं, जिसमें चित्रांगदा सिंह भी नजर आएंगी. इस फिल्म का नाम पहले 'बैटल ऑफ गलवान' था और इसे इस साल की शुरुआत में रिलीज किया जाना था. हालांकि, रिलीज की तारीख आगे बढ़ाने के बाद, फिल्म बनाने वालों ने अभी तक इसकी नई रिलीज डेट का ऐलान नहीं किया है.
इन सब के बीच सलमान ने साउथ के डायरेक्टर वामशी पैडिपल्ली के साथ अपने नए प्रोजेक्ट पर काम शुरू कर दिया है. इस फिल्म में एक्ट्रेस नयनतारा लीड रोल में नजर आएंगी.