फिल्ममेकर रोहित शेट्टी इन दिनों बेहद परेशानी भरे माहौल से गुजर रहे हैं. जबसे उनके मुंबई स्थित जुहू घर पर फायरिंग हुई है, तबसे उनकी जान पर बड़ा खतरा मंडरा रहा है. डायरेक्टर को लॉरेंस बिश्नोई गैंग से धमकियां मिल रही हैं. रोहित कई दिनों से पब्लिक की नजरों में नहीं आए थे. लेकिन आज उन्हें कई दिनों बाद देखा गया है.
बेटे को एयरपोर्ट छोड़ने पहुंचे रोहित शेट्टी
रोहित शेट्टी मुंबई एयरपोर्ट पर देखे गए, जहां पैप्स ने उन्हें स्पॉट किया. इस दौरान वो अपने बेटे ईशान शेट्टी के साथ थे, जिन्हें डायरेक्टर एयरपोर्ट छोड़ने आए थे. वीडियो में रोहित के चेहरे पर टेंशन और मायूसी देखी गई. उनके बेटे ने अपने पिता के पैर छूकर उनका आशीर्वाद लिया. रोहित के बेटे ईशान भी अपने पिता की तरह डायरेक्शन की दुनिया में आने की तैयारी में जुटे हैं. वो लंदन में सेंटर फिल्म स्कूल के स्टूडेंट हैं, जहां उनकी फिल्ममेकिंग की पढ़ाई जारी है.
रोहित ने अपने बेटे को गले लगाकर उसे विदा किया. जबतक उनके बेटे ईशान एयरपोर्ट के अंदर नहीं चले गए, तबतक डायरेक्टर वहां मौजूद दिखे. रोहित शेट्टी के साथ एयरपोर्ट पर काफी हाई सिक्योरिटी मौजूद थी. कई सारे गार्ड्स ने डायरेक्टर को चारों तरफ से घेरा हुआ था. सिक्योरिटी ने पैप्स को भी वीडियो लेने से रोकने की कोशिश की.
रोहित शेट्टी के घर के बाहर फायरिंग का मामला 1 फरवरी के दिन सामने आया था, जहां देर रात उनकी बिल्डिंग के बाहर चार-पांच राउंड्स फायर किए गए. हालांकि इस हादसे में किसी की जान को कोई खतरा नहीं हुआ. उनके घर पर हुई फायरिंग की जिम्मेदारी लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ली. रोहित शेट्टी के बाद, रणवीर सिंह को भी धमकी भरे मैसेज मिले हैं और उनसे करोड़ों रुपयों की मांग की गई है. बॉलीवुड इंडस्ट्री पर गैंगस्टर्स का खतरा बढ़ता देख फैंस काफी चिंतित हैं.
बात करें रोहित शेट्टी के वर्क फ्रंट की, तो डायरेक्टर जॉन अब्राहम के साथ राकेश मारिया की बायोपिक पर काम कर रहे हैं, जिसे इसी साल रिलीज करने की बात सामने आ रही है. इसके बाद वो 'गोलमाल 5' पर काम शुरू करेंगे, जो साल 2027 में रिलीज होगी.