डायरेक्टर आदित्य धर की फिल्म 'धुरंधर: द रिवेंज' कई वजहों से चर्चा में है. कुछ दर्शकों को फिल्म बहुत पसंद आई, तो कुछ इसे प्रोपगैंडा बता रहे हैं. बुधवार, 25 मार्च को रवि किशन ने फिल्म के बारे में खुलकर बात की. उन्होंने कहा कि सिनेमा समाज का आईना होता है, और अब लोग जान गए हैं कि नोटबंदी क्यों आई थी.
एक न्यूज एजेंसी से बात करते हुए रवि किशन ने कहा, 'धुरंधर फिल्म समाज का आईना है. जब संसद पर अटैक हुआ था, तब कोई कुछ नहीं बोला. अतीक अहमद के बारे में इतने मुकदमे दर्ज हैं, अब सब लोग बयानबाजी कर रहे हैं. सिनेमा समाज का आईना है, जो समाज में होता है, सिनेमा उसी पर बनता है. यह लोकतंत्र है. नोटबंदी के बारे में अब सब जान गए कि नोटबंदी क्यों हुई थी. सिनेमा इंडस्ट्री से भी मेरी एक रिक्वेस्ट है कि अब ऐसी जागरूक फिल्में बनाने का समय आ गया है.'
रवि किशन से पहले बॉलीवुड और साउथ इंडस्ट्री के कई सितारों जैसे कंगना रनौत, रजनीकांत, शिव राजकुमार, अल्लू अर्जुन, अमीषा पटेल, राम गोपाल वर्मा, आलिया भट्ट, राकेश रोशन, महेश बाबू, जूनियर एनटीआर, राम चरण, एसएस राजामौली, अनुपम खेर, आयुष्मान खुराना, शिल्पा शेट्टी ने 'धुरंधर 2' की जमकर तारीफ की है.
धुरंधर 2 ने कमाए 900 करोड़
आदित्य धर के निर्देशन में बनी इस स्पाई थ्रिलर फिल्म में इंडियन जासूस हमजा अली मजहरी को पाकिस्तानी नेटवर्क को तोड़ने के अपने मकसद पूरा करते देखा जा सकता है. इसमें रणवीर सिंह ने धुआंधार परफॉरमेंस दी है. पिक्चर में उनके साथ अर्जुन रामपाल, आर माधवन, संजय दत्त, सारा अर्जुन और राकेश बेदी जैसे बढ़िया कलाकार अहम भूमिकाएं निभा रहे हैं.
पहले दिन ही 'धुरंधर 2' ने बॉक्स ऑफिस पर 100 करोड़ का कलेक्शन कर लिया था. इसी के साथ इसने जबरदस्त रिकॉर्ड बनाने की शुरुआत की. पहले वीकेंड पर इसने वर्ल्डवाइड 300 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया था. फिलहाल 'धुरंधर: द रिवेंज' का बॉक्स ऑफिस कलेक्शन 900 करोड़ रुपये के पार चला गया है. उम्मीद की जा रही है कि ग्लोबल कलेक्शन के मामले में ये अल्लू अर्जुन की 'पुष्पा 2' को पीछे छोड़ सकती है. हालांकि इस बीच इंटरनेशनल मीडिया में इसे अपनी हिंसा और बर्बरता के लिए आलोचना का सामना भी करना पड़ रहा है.