हाल ही में सोशल मीडिया पर कुछ तस्वीरें तेजी से वायरल हुईं, जिनमें दावा किया गया कि इनमें रणबीर कपूर श्री राम और साई पल्लवी सीता के किरदार में नजर आ रहे हैं. बताया गया कि ये तस्वीरें डायरेक्टर नितेश तिवारी की आने वाली मेगा फिल्म ‘रामायणम्’ से लीक हुई हैं. इन तस्वीरों को देखकर फैंस के बीच काफी चर्चा शुरू हो गई, लेकिन बाद में पता चला कि ये तस्वीरें असली नहीं बल्कि फेक हैं. इसका खुलासा खुद राम का किरदार निभा चुके एक्टर आशीष शर्मा ने किया.
‘रामायण’ की बताकर वायरल हुईं तस्वीरें
शनिवार को कई सोशल मीडिया अकाउंट्स पर कुछ तस्वीरें शेयर की गईं, जिनमें दावा किया गया कि ये फिल्म ‘रामायणम्’ में राम-सीता के किरदार में रणबीर कपूर और साई पल्लवी का पहला लुक है. तस्वीरों में रणबीर कपूर मुकुट और शाही आभूषण पहने नजर आ रहे थे, जबकि उनके पास साई पल्लवी भी पारंपरिक गहनों और शाही पोशाक में दिखाई दे रही थीं.
कई पोस्ट में कहा गया कि ये फिल्म के राम-सीता विवाह सीन की लीक हुई तस्वीरें हैं. हालांकि इन तस्वीरों की क्वालिटी काफी साफ और हाई-रेजोल्यूशन थी, जिसे देखकर कई सोशल मीडिया यूजर्स को शक होने लगा.
आशीष शर्मा ने खोली पोल
बवाल मचा तो आखिरकार इन वायरल तस्वीरों की सच्चाई टीवी एक्टर आशीष शर्मा ने सामने ला दी. आशीष ने 2015-16 के टीवी शो ‘सिया के राम’ में भगवान राम का किरदार निभाया था.
उन्होंने सोशल मीडिया पर वही वायरल तस्वीर शेयर करते हुए बताया कि यह असल में उनके शो की एक तस्वीर को एडिट करके बनाई गई है. मजाकिया अंदाज में उन्होंने लिखा- लो जी, एक और ‘ओरिजिनल’ लीक्ड फोटो. AI मेरे बाल तो बदल ही नहीं पाया. इसके साथ ही उन्होंने ‘सिया के राम’ की असली तस्वीर भी पोस्ट की, जिससे साफ हो गया कि वायरल फोटो डिजिटल तरीके से बदली गई थी.
स्टार प्लस पर आने वाला शो ‘सिया के राम’ रामायण की कहानी को सीता के नजरिए से दिखाता था. इस शो में आशीष शर्मा के साथ मदिराक्षी मुंडले सीता के रोल में थीं. वहीं करण सूचक लक्ष्मण, कार्तिक जयराम रावण और दानिश अख्तर सैफी हनुमान के किरदार में नजर आए थे.
नितेश तिवारी की ‘रामायणम्’
डायरेक्टर नितेश तिवारी की फिल्म ‘रामायणम्’ को दो हिस्सों में बनाया जा रहा है. इसका पहला पार्ट दीवाली के मौके पर सिनेमाघरों में रिलीज होने की तैयारी में है. फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता, यश रावण, रवि दुबे लक्ष्मण और सनी देओल हनुमान के किरदार में नजर आएंगे. बताया जा रहा है कि यह भारतीय सिनेमा की सबसे महंगी फिल्मों में से एक होगी.