scorecardresearch
 

1.5 करोड़ देने के बाद राजपाल यादव को मिली जमानत, भतीजी की शादी करेंगे अटेंड

राजपाल यादव फिल्म 'अता पता लापता' को हुए नुकसान और कर्ज न चुका पाने के कारण मुश्किल में फंस हुए हैं. 9 करोड़ का लोन न भरने के कारण उन्होंने 5 फरवरी से तिहाड़ जेल में सरेंडर किया था. सेलेब्स ने राजपाल का कर्ज चुकाने में उनकी मदद की है.

Advertisement
X
राजपाल की जमानत पर कोर्ट का फैसला (Photo: Instagram @rajpalofficial)
राजपाल की जमानत पर कोर्ट का फैसला (Photo: Instagram @rajpalofficial)

मशहूर एक्टर राजपाल यादव सालों पुराने चेक बाउंस केस में घिरे हुए हैं. उन पर 9 करोड़ का कर्ज है. सोमवार को दिल्ली हाईकोर्ट में राजपाल की अंतरिम जमानत अर्जी पर सुनवाई हुई. फाइनली उनके लिए राहत की खबर आई. 11 दिन बाद राजपाल तिहाड़ जेल से बाहर आ सकेंगे. एक्टर को 18 मार्च तक अंतरिम जमानत मिली. अब वो भतीजी की शादी में शाहजहांपुर में शामिल हो सकेंगे.

राजपाल को मिली बेल
राजपाल यादव के वकील ने HC को जानकारी दी कि उन्होंने 1.5 करोड़ का डीडी जमा करा दिया है. कोर्ट ने पासपोर्ट सरेंडर करने का आदेश दिया है. मामले की अगली सुनवाई 18 मार्च को होगी. मालूम हो, दिल्ली हाईकोर्ट ने अंतरिम जमानत के लिए राजपाल यादव के वकील को दोपहर 3 बजे तक 1.5 करोड़ का डिमांड ड्राफ्ट जमा करने का समय दिया था. कोर्ट ने कहा था अगर 3 बजे तक डिमांड ड्राफ्ट जमा हो गया, तो उन्हें रिहा कर दिया जाएगा. अगर नहीं जमा हुआ, तो मामला कल सुबह यानी 17 फरवरी को सुनाया जाएगा. 

राजपाल को पड़ी थी फटकार
दिल्ली हाईकोर्ट की पिछली सुनवाई के दौरान राजपाल को फटकार पड़ी थी. कोर्ट का कहना था एक्टर ने इतनी मोहलतों के बावजूद कर्ज नहीं चुकाया. राजपाल के वकील की तरफ से दी गई सारी दलीलों को कोर्ट ने बेबुनियाद बताया था. राजपाल ने अपनी सजा को रद्द करने की मांग की थी. उनकी इस डिमांड पर कोर्ट का कहना था जब वो पहले ही कुबूल कर चुके हैं कि उन्होंने कर्ज लिया था, फिर माफी कैसी. उन्हें पैसा चुकाने के 25-30 मौके दिए गए. बावजूद वो पैसा नहीं दे पाए. अब क्यों सजा रोकने की मांग कर रहे हैं?

Advertisement

कोर्ट ने राजपाल को खरी-खरी सुनाते हुए कहा था कि वो जेल में कोर्ट के आदेश की वजह से नहीं बल्कि अपनी हरकतों की वजह से हैं. राजपाल के वकील के मुताबिक, कर्ज की 3 करोड़ से ज्यादा की रकम दी जा चुकी है. याचिकाकर्ता को 2.10 करोड़ रुपये जमा करने हैं. 

कैसे कंट्रोवर्सी में फंसे राजपाल यादव?
साल 2012 में आई फिल्म 'अता पता लापता' राजपाल की डायरेक्टोरियल मूवी थी. इसे बनाने के लिए राजपाल ने मुरली प्रोजेक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड से 5 करोड़ लिए थे. मगर राजपाल की ये फिल्म नहीं चली. इसके डूबने से राजपाल को काफी नुकसान हुआ. मुरली प्रोजेक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड ने राजपाल से पैसे वापस मांगे, जिसे वो देने में असमर्थ थे.

मामला कोर्ट तक पहुंचा. 2018 में मुरली प्रोजेक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड की तरफ से लीगल एक्शन लिया गया. राजपाल और उनकी पत्नी के खिलाफ केस हुआ. 5 करोड़ का ये अमाउंट ब्याज के साथ 9 करोड़ हो गया. एक्टर इस मामले में पहले भी 2 बार जेल जा चुके हैं. कई मोहलतों के बाद जब एक्टर पैसा नहीं चुका पाए, तो उन्हें सरेंडर करना पड़ा.
 
राजपाल यादव को मिली सेलेब्स से मदद
दुख की इस घड़ी में राजपाल के साथ पूरी इंडस्ट्री खड़ी हो गई है. सलमान खान, अजय देवगन, वरुण धवन, डेविड धवन, सोनू सूद, तेज प्रताप यादव, राव इंद्रजीत सिंह, गुरु रंधावा, गुरमीत चौधरी, केआरके, मीका सिंह ने मदद का हाथ आगे बढ़ाया. फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एंप्लाइज (FWICE) ने राजपाल की मदद के लिए लोगों से आगे आने की अपील की है. राजपाल की पत्नी ने सेलेब्स की तरफ से हुई इस मदद पर आभार जताया है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement