आदित्य धर ने अपनी फिल्म 'धुरंधर' में सभी पुराने गानों को एकदम शानदार तरीके से री-क्रिएट किया. मगर उसमें से एक गाने 'हवा हवा' को बिल्कुल वैसा ही रखा गया, जैसे उसे ओरिजिनली कंपोज किया गया था. फिल्म में एसपी चौधरी असलम बने संजय दत्त की एंट्री पर इस गाने ने धूम मचा दी थी. इंटरनेट पर हर कोई इस गाने की चर्चा करता देखा गया था.
पॉपुलर धुरंधर का 'हवा हवा' गाना
फिल्म 'धुरंधर' में इस्तेमाल हुए 'हवा हवा' गाने की पॉपुलैरिटी जेन-जी में काफी बढ़ गई है. ऐसे में इस गाने के सिंगर हसन जहांगीर बेहद खुश हैं. हाल ही में वो पाकिस्तानी एंकर निदा यासिर के मॉर्निंग शो पर पहुंचे, जहां उन्होंने अपने गाने की दोबारा बढ़ी पॉपुलैरिटी पर बात की. उन्होंने खुलासा किया कि उन्हें धुरंधर के मेकर्स ने फिल्म में उनका गाना इस्तेमाल करने के लिए 50,000$ यानी करीब 46 लाख इंडियन रुपये दिए थे.
हसन जहांगीर से निदा ने पूछा कि क्या उन्हें उनके गाने के लिए कुछ पैसे मिले? तो सिंगर ने कहा- फिल्म बनी 300 करोड़ की, जिसने 1100 करोड़ कमाए. मुझे उन्होंने 50,000 $ भेज दिए. गाना इस्तेमाल करने से पहले उन्होंने मुझसे इजाजत भी ली. माशाल्लाह, मुझे मेरे कई गानों के लिए पैसे मिलते हैं जो कहीं ना कहीं इस्तेमाल किए जाते हैं. पहले दुनिया में कॉपीराइट का सिस्टेम नहीं था, मगर अब जो भी मेरे गाने लेता है वो मुझसे पहले इजाजत लेते हैं.
जब गोविंदा से हुई हसन जहांगीर की मुलाकात
हसन जहांगीर आगे बताते हैं कि उन्होंने गाना 'हवा हवा' 1986 में बनाया था. उनका ये गाना 40 साल पुराना है, जो अब जाकर दोबारा ट्रेंडिंग में आया है. सिंगर बताते हैं कि जब उनका ये गाना रिलीज हुआ था, तब बॉलीवुड के स्टार गोविंदा ने भी अपनी एक फिल्म में इसे इस्तेमाल किया जिसमें इसे 'जमा जमा' करके रिलीज किया गया था.
हसन जहांगीर ने अपने इंडिया टूर का भी जिक्र किया. उन्होंने बताया कि जब वो हैलीकॉप्टर से आए थे, तब गोविंदा उन्हें लेने पहुंचे थे. सिंगर ने कहा, 'म्यूजिक के लिए लोग बहुत क्रेजी रहते हैं. जैसे ही मैं मुंबई एयरपोर्ट पर उतरा, तो पता चला कि कोई आदमी ड्यूटी पर नहीं है. सब मेरे पीछे-पीछे चल रहे हैं. कस्टम ऑफिसर, इंटेलिजेंस, सभी लोग मेरे साथ थे. मुझे नहीं पता था कि इंडिया में मेरा इतना क्रेज है. सभी बड़े-बड़े एक्टर्स-एक्ट्रेसेज मुझे लेने आए थे.'
'मैं हैरान था. उस जमाने में हर कोई मुझे अपना विजिटिंग कार्ड दे रहा, क्योंकि तब मोबाइल नहीं थे. मुझे अपने होटल ले जाया गया, फिर वहां से मुझे स्टेडियम जाना था जहां मेरा शो था. मैंने देखा कि कई सारी गाड़ियों-फायर ब्रिगेड का काफिला मेरे साथ चल रहा था. मैंने अपनी मैनेजर से पूछा कि क्या कुछ हुआ है? तो उसने बताया कि ये सबकुछ आप ही के लिए हो रहा है. वहां जाकर मैंने देखा कि स्टारडम क्या चीज है.'