फिल्म देवदास को लेकर सालों से बॉलीवुड गलियारों में ये चर्चा है कि माधुरी दीक्षित ने प्रेग्नेंसी के दौरान फिल्म का गाना डोला रे डोला शूट किया था. उनकी इस बात को लेकर खूब तारीफें भी हुईं. कहा गया कि बावजूद इसके कि वो 4 महीने की प्रेग्नेंट थी, एक्ट्रेस ने सभी मुश्किल स्टेप्स किए, उन्होंने एक बार भी इनकार नहीं किया.
लेकिन अब जब फिल्म को रिलीज हुए 25 साल होने को आए हैं तो माधुरी ने बड़ा खुलासा कर दिया है. सभी के भ्रम को तोड़ते हुए एक्ट्रेस प्रग्नेंसी की उस बड़ी चर्चा को खारिज कर दिया है.
झूठा निकला प्रेग्नेंसी का दावा
हाल ही में दिवंगत कोरियोग्राफर सरोज खान की पूर्व सहयोगी रूबीना खान ने भी दावा किया था कि फिल्म 'देवदास' के सुपरहिट गाने 'डोला रे डोला' की शूटिंग के दौरान माधुरी दीक्षित चार महीने की प्रेग्नेंट थीं. लेकिन अब खुद माधुरी ने इस दावे को गलत बताते हुए सच्चाई सामने रखी है. स्क्रीन को दिए एक इंटरव्यू में माधुरी ने हंसते हुए कहा- मेरे बड़े बेटे आरिन का जन्म 2003 में हुआ था, तो अब आप खुद हिसाब लगा लीजिए.
माधुरी के बड़े बेटे आरिन नेने का जन्म 17 मार्च 2003 को हुआ था, जबकि देवदास 12 जुलाई 2002 को रिलीज हुई थी. इससे पहले फिल्म का प्रीमियर 23 मई 2002 को कान्स फिल्म फेस्टिवल में हुआ था.
माधुरी ने आगे कहा- उस समय मेरी तबीयत थोड़ी खराब जरूर थी, क्योंकि मैं लगातार ट्रैवल कर रही थी. मैं बार-बार अमेरिका और मुंबई के बीच आ-जा रही थी. ऊपर से मेरी ज्यादातर शूटिंग रात में होती थी. इसलिए मैं काफी थक गई थी और थोड़ा अस्वस्थ महसूस कर रही थी, लेकिन मैं प्रेग्नेंट नहीं थी.
शादी के बाद अमेरिका में बस गई थीं माधुरी
माधुरी दीक्षित ने 1999 में डॉक्टर श्रीराम नेने से शादी की थी. शादी के बाद वो अमेरिका के डेनवर शहर में रहने लगी थीं, जहां श्रीराम नेने एक जाने-माने हार्ट सर्जन थे. हालांकि शादी के बाद भी माधुरी कई सालों तक मुंबई और डेनवर के बीच सफर करती रहीं.
देवदास उन आखिरी फिल्मों में से एक थी, जिसकी शूटिंग उन्होंने अपने बेटों आरिन और रयान के जन्म से पहले की थी. शरत चंद्र चट्टोपाध्याय के मशहूर उपन्यास देवदास पर आधारित इस फिल्म में शाहरुख खान ने देवदास, ऐश्वर्या राय ने पारो और माधुरी दीक्षित ने चंद्रमुखी का किरदार निभाया था.
'डोला रे डोला' आज भी है आइकॉनिक
फिल्म का गाना डोला रे डोला आज भी बॉलीवुड के सबसे यादगार डांस नंबरों में गिना जाता है. दिलचस्प बात ये है कि मूल उपन्यास में पारो और चंद्रमुखी कभी आमने-सामने नहीं आतीं, लेकिन निर्देशक संजय लीला भंसाली ने रचनात्मक स्वतंत्रता लेते हुए दोनों किरदारों को एक साथ दिखाया और उन पर ये शानदार डांस सीक्वेंस फिल्माया.
इस गाने को इस्माइल दरबार ने कंपोज किया था, जबकि इसके बोल नुसरत बद्र ने लिखे थे. गाने को कविता कृष्णमूर्ति, श्रेया घोषाल और केके ने अपनी आवाज दी थी.
क्या था रूबीना खान का दावा?
रूबीना खान ने हाल ही में यूट्यूब चैनल बॉलीवुड ठिकाना के एक पॉडकास्ट में कहा था, गाने में एक स्टेप था, जिसमें माधुरी मैम घूमकर बैठती हैं. उस एक शॉट को सुबह 9 बजे से रात 10 बजे तक शूट करना पड़ा क्योंकि वो चार महीने की प्रेग्नेंट थीं. उन्हें ठीक से घूमने में परेशानी हो रही थी और चक्कर भी आ रहे थे.
हालांकि अब माधुरी दीक्षित ने खुद इस दावे को खारिज करते हुए साफ कर दिया है कि 'डोला रे डोला' की शूटिंग के दौरान वो प्रेग्नेंट नहीं थीं, बल्कि लगातार यात्रा और रात की शूटिंग की वजह से सिर्फ थकान और कमजोरी महसूस कर रही थीं.