‘धुरंधर 2’ जैसी भीड़ जुटा रही है, थिएटर्स ने एक अरसे से वैसी भीड़ नहीं देखी है. कम से कम किसी बॉलीवुड फिल्म के लिए तो नहीं. दिल्ली-मुंबई के थिएटर्स आखिरी बार 24 घंटे तब खुले थे जब हॉलीवुड फिल्म ‘अवेंजर्स: एंड गेम’ रिलीज हुई थी. लेकिन ‘धुरंधर 2’ पहले दिन से ही नया इतिहास लिखने के मोड में है. पहले ही दिन धुआंधार ओपनिंग करने वाली ‘धुरंधर 2’ ने दूसरे दिन ऐसा धमाका किया है कि फिर से ऑल टाइम रिकॉर्ड बन गया है.
‘धुरंधर 2’ का फ्राइडे धमाका
हफ्ते के बीच में रिलीज हुई फिल्मों का शुक्रवार को स्लो पड़ना और फिर वीकेंड में उठना, बॉक्स ऑफिस का ट्रेंड है. लेकिन ‘धुरंधर 2’ ट्रेंड फॉलो करने वाली नहीं, ट्रेंड सेट करने वाली फिल्म है. गुरुवार को 102 करोड़ से ज्यादा ओपनिंग के बाद, शुक्रवार को भी इसने बॉक्स ऑफिस पर जमकर गदर मचाया. सैकनिल्क की रिपोर्ट बताती है कि शुक्रवार को ‘धुरंधर 2’ ने 80.72 करोड़ नेट इंडिया कलेक्शन किया है.
दूसरे दिन का कलेक्शन, गुरुवार की रिकॉर्डतोड़ ओपनिंग से 21% के करीब कम जरूर हुआ है. मगर ये तमाम बड़ी फिल्मों से बहुत बेहतर है. ‘पुष्पा 2’ और ‘जवान’ जैसी रिकॉर्ड ओपनिंग वाली फिल्में भी पहले शुक्रवार को इससे कहीं ज्यादा स्लो नजर आई थीं.
हिंदी बॉक्स ऑफिस का सबसे बड़ा शुक्रवार
अल्लू अर्जुन की ‘पुष्पा 2’ ने हिंदी के लगभग सारे बड़े रिकॉर्ड करके, ‘हिंदी फिल्म इंडस्ट्री’ कहलाने वाले बॉलीवुड को शॉक कर दिया था. 59 करोड़ नेट कलेक्शन के साथ, हिंदी का सबसे बड़ा शुक्रवार ‘पुष्पा 2’ के नाम था. लेकिन अब ‘धुरंधर 2’ हिंदी बॉक्स ऑफिस पर बॉलीवुड का झंडा फिर से लहराने निकली है. सबसे बड़ी हिंदी ओपनिंग के बाद, अब हिंदी का सबसे बड़ा शुक्रवार भी ‘धुरंधर 2’ के नाम है. फिल्म के फ्राइडे कलेक्शन 80.72 करोड़ में हिंदी वर्जन का हिस्सा लगभग 79 करोड़ है. यानी ‘पुष्पा 2’ से 20 करोड़ ज्यादा.
अब हिंदी फिल्मों के टॉप फ्राइडे कलेक्शन की लिस्ट में ‘धुरंधर 2’ शान से सबसे ऊपर बैठ गई है:
धुरंधर 2- 79 करोड़
पुष्पा 2- 59 करोड़
KGF 2- 46.79 करोड़
जवान- 46.23 करोड़
बाहुबली 2- 41 करोड़
सबसे तेज 200 करोड़
प्रीव्यू शोज से ही ‘धुरंधर 2’ ने 43 करोड़ नेट कलेक्शन किया था. 102.55 करोड़ की ओपनिंग और दूसरे दिन के 80.72 करोड़ के साथ, अब टोटल नेट इंडिया कलेक्शन 226 करोड़ से ज्यादा हो चुका है.
हिंदी में सबसे तेज 200 करोड़ नेट कलेक्शन का रिकॉर्ड तीन फिल्मों के नाम है— ‘पुष्पा 2’, ‘जवान’, ‘एनिमल’. तीनों ने 3 दिन में ये बॉक्स ऑफिस माइलस्टोन पार किया था. पर सिर्फ 2 दिनों में 200 करोड़ कमाकर ‘धुरंधर 2’ ने तीनों को पीछे छोड़ दिया है. रणवीर सिंह अब 200 करोड़ क्लब के बॉस बन गए हैं.
जनता के दीवानेपन के दम पर ‘धुरंधर 2’ बॉक्स ऑफिस सुनामी बनी हुई है. शनिवार को वैसे ही बॉक्स ऑफिस पर तगड़ी ग्रोथ बड़ी फिल्मों का इंतजार कर रही होती है. ऊपर से ईद सेलिब्रेशन ‘धुरंधर 2’ का क्रेज और बढ़ा देगा. तीसरे दिन ‘धुरंधर 2’ कई ऐतिहासिक रिकॉर्ड बनाने वाली है, बस देखते जाइए.