बॉलीवुड के 'खिलाड़ी' अक्षय कुमार अपनी फिटनेस और हैरतअंगेज स्टंट्स के लिए काफी फेमस हैं, लेकिन अपनी अपकमिंग हॉरर-कॉमेडी फिल्म 'भूत बंगला' की शूटिंग के दौरान उन्हें एक दर्दनाक हादसे का शिकार होना पड़ा. इससे जुड़ा एक BTS वीडियो भी तेजी से वायरल हो रहा है.
दरअसल अक्षय हमेशा की तरह इस फिल्म में भी बिना किसी बॉडी डबल या विजुअल इफेक्ट्स (VFX) की मदद लिए खुद ही एक्शन सीन कर रहे थे. इसी दौरान मुंबई में एक मुश्किल स्टंट को अंजाम देते वक्त उनका संतुलन बिगड़ गया और वह जमीन पर बुरी तरह गिर पड़े. हादसे के वक्त अक्षय हवा में उछलकर एक किक मारने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन लैंडिंग करने के बाद वो अपनी पसलियों पर हाथ रखते हैं. फिल्म के सेट से इस घटना का एक 'बिहाइंड द सीन' (BTS) वीडियो भी लीक हुआ है, जिसे देख फैंस काफी चिंतित हैं. अक्षय वैसे तो सुपरफिट हैं, इस उम्र में भी अपने स्टंट खुद करने का जोखिम उठाना बड़ी बात है.
9 अप्रैल को सामने आई जानकारी के मुताबिक, अक्षय कुमार मुंबई में 'भूत बंगला' के एक जबरदस्त एक्शन सीक्वेंस की शूटिंग कर रहे थे. न्यूज एजेंसी (IANS) की रिपोर्ट के मुताबिक, वायरल वीडियो में अक्षय हवा में ऊंची छलांग लगाकर एक शानदार किक मारते दिख रहे हैं. सब कुछ ठीक चल रहा था, लेकिन जैसे ही वह जमीन पर उतरे, उनका बैलेंस बिगड़ गया. सधे हुए खिलाड़ी होने के बावजूद इस बार वह खुद को संभाल नहीं पाए और गिर पड़े.
AI के इस्तेमाल से अक्षय को है सख्त परहेज
यह घटना इसलिए भी सुर्खियां बटोर रही है क्योंकि हाल ही में अक्षय कुमार ने एक्शन सीन्स में तकनीक के बढ़ते इस्तेमाल पर अपनी राय रखी थी. उन्होंने साफ कहा था कि वह फिल्मों में वीएफएक्स (VFX) या एआई (AI) के जरिए स्टंट दिखाने के खिलाफ हैं. अक्षय का मानना है कि ये चीजें एक्शन के असली रोमांच को खत्म कर देती हैं और पर्दे पर सब कुछ नकली लगने लगता है. यही वजह है कि उन्होंने 'भूत बंगला' के इस खतरनाक सीन को भी खुद ही अंजाम देने का फैसला किया था।
रिलीज की तारीख में हुआ बड़ा बदलाव
अक्षय कुमार की 'भूत बंगला' पहले 10 अप्रैल को सिनेमाघरों में दस्तक देने वाली थी, लेकिन अब इसकी तारीख आगे बढ़ा दी गई है. अब यह फिल्म 16 अप्रैल को रिलीज होगी. दिलचस्प बात यह है कि इसका पहला शो रात 9 बजे से शुरू किया जाएगा.
'भूत बंगला' में अक्षय कुमार के साथ परेश रावल, असरानी और राजपाल यादव जैसे मंझे हुए कलाकार नजर आएंगे, जो लंबे समय बाद एक साथ स्क्रीन शेयर कर रहे हैं. इनके साथ वामिका गब्बी भी लीड रोल में हैं. इस फिल्म का डायरेक्शन मशहूर डायरेक्टर प्रियदर्शन ने किया है.