महाराष्ट्र साइबर डिपार्टमेंट ने बॉलीवुड सुपरस्टार अक्षय कुमार की बेटी नितारा से जुड़े साइबर उत्पीड़न मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है. महाराष्ट्र साइबर विभाग के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक यशस्वी यादव ने बताया कि इस मामले में गिरफ्तारी की जा चुकी है. नितारा को ऑनलाइन गेम खेलते समय न्यूड तस्वीरें भेजने के लिए एक शख्स ने कहा था.
महाराष्ट्र साइबर विभाग ने शहर के आर डी नेशनल कॉलेज में साइबर जागरूकता पर एक विशेष सत्र भी आयोजित किया. इस सत्र में छात्रों को डिजिटल दुनिया के खतरों के बारे में आगाह किया गया. साथ ही सुरक्षित ऑनलाइन व्यवहार के बारे में जानकारी दी गई. इसमें ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी से बचाव, सोशल मीडिया सुरक्षा, फिशिंग हमलों और साइबर बुलिंग जैसे विषयों को शामिल किया गया था.
कार्यक्रम के दौरान यशस्वी यादव ने कहा, 'उन्होंने (अक्षय कुमार) हमारे साथ एक बेहद चौंकाने वाली घटना शेयर की थी. उन्होंने बताया था कि उनकी अपनी बेटी के साथ सेक्सटॉर्शन की कोशिश की गई. लड़की बहुत बहादुर थी और उसने अपने माता-पिता को इसकी जानकारी दी. उसके माता-पिता के जरिए हमें यह सूचना मिली और इसी तरह हमने इस मामले को संभाला.' इसके बाद उन्होंने अक्षय कुमार का एक पुराना वीडियो क्लिप भी चलाया, जिसमें एक्टर ने इस घटना का जिक्र किया था. अक्टूबर 2025 में अक्षय कुमार ने इस परेशान करने वाले अनुभव के बारे में बताया था.
अक्षय ने सुनाया शॉकिंग किस्सा
अक्षय कुमार ने एक इवेंट में बताया था, 'मैं आपके साथ एक छोटी-सी घटना शेयर करना चाहता हूं, जो कुछ महीने पहले मेरे घर में हुई. मेरी बेटी एक वीडियो गेम खेल रही थी. कुछ वीडियो गेम ऐसे होते हैं जिनमें आप किसी अनजान शख्स के साथ खेलते हैं. खेलते समय आपको मैसेज आते हैं, जैसे 'थैंक यू, ये बहुत अच्छा था' या 'आप बहुत अच्छा खेल रहे हैं', जो बहुत शिष्ट लगते हैं. अचानक एक व्यक्ति ने पूछा, 'आप कहां से हैं?' उसने जवाब दिया, 'मुंबई'. इसके बाद सब कुछ नॉर्मल रहा. उस व्यक्ति ने फिर कहा, 'वेल प्लेड, आपने बहुत अच्छा खेला.' यह सब सम्मानजनक लग रहा था.'
एक्टर ने आगे बताया, 'फिर एक मैसेज आया, 'आप मेल हैं या फीमेल?' उसने जवाब दिया, 'फीमेल'. बातचीत आगे बढ़ी और फिर उसने मैसेज भेजा, 'क्या आप अपनी न्यूड फोटो भेज सकती हैं?' मेरी बेटी ने तुरंत सब कुछ बंद कर दिया और अपनी मां को बताया. यह बहुत अच्छा हुआ कि उसने अपनी मां से इस बारे में बात की. इसी तरह चीजें शुरू होती हैं. यह भी साइबर अपराध का हिस्सा है. लोग और बच्चे बहक जाते हैं. फिर उनसे पैसे वसूले जाते हैं. ऐसे कई मामले हैं जहां लोग आत्महत्या तक कर लेते हैं. डिजिटल दुनिया में यह बहुत जरूरी है कि हमारे बच्चे इन चीजों के बारे में सीखें.'
इवेंट के दौरान अक्षय कुमार ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से स्कूलों में साइबर क्राइम की कक्षाएं आयोजित करने का अनुरोध भी किया था.