भोजपुरी सिनेमा के सुपरस्टार निरहुआ उर्फ दिनेश लाल यादव अक्सर अपने काम के अलावा एक्ट्रेस आम्रपाली संग नजदीकियों को लेकर चर्चा में रहते हैं. उन्होंने कभी इसका खंडन नहीं किया लेकिन सिनेमाई गलियारों में उनका रिश्ता हॉट टॉपिक रहता है. हालांकि निरहुआ शादीशुदा हैं और उनके बच्चे भी हैं. वो परिवार के साथ ही रहते हैं. ये चर्चा होती रहती है. निरहुआ भी आम्रपाली संग अक्सर स्पॉट होते हैं.
इस बीच निरहुआ ने अपनी शादी को लेकर बड़ी बात कह दी. वो बताते हैं कि उन्हें पत्नी मंशा यादव से कभी प्यार हुआ ही नहीं. वो बस एक जिम्मेदारी निभा रहे हैं.
निरहुआ कभी पर्सनल लाइफ पर बात नहीं करते हैं. न ही उनकी पत्नी मंशा कभी पब्लिक डोमेन में आती हैं. वो हमेशा लाइमलाइट से दूर रहती हैं. ऐसे में अपनी शादीशुदा लाइफ पर कही इस बात ने सभी को हैरानी में डाल दिया है. एक्टर-सिंगर का ये कंफेशन फैंस के लिए चौंका देने वाला है. शादी के इतने सालों बाद आखिर निरहुआ ऐसी बात क्यों कर रहे हैं. उनका वीडियो खूब वायरल हो रहा है. जहां कमेंट्स कर लोग पूछ रहे हैं कि क्या निरहुआ का इशारा कहीं और है? वहीं फैंस उनकी पत्नी को लेकर चिंता जता रहे हैं कि उनके रिश्ते में सब ठीक तो है ना?
शादी को लेकर क्या बोले निरहुआ?
निरहुआ ने डिजिटल कमेंट्री से बातचीत में कहा- मेरे माता-पिता ने मेरी शादी जबरन कराई थी. मैं उनसे कहता रहा कि मुझे पहले कुछ करने दीजिए, कुछ बनने दीजिए उसके बाद शादी करेंगे, लेकिन वो नहीं माने. मुझे भी उसका मलाल रहा. जीवनसाथी वो हो जिसको आप प्यार करें और मेरे साथ ये कभी नहीं हो पाया. मैंने अपनी धर्मपत्नी और बच्चों को भी ये बताया कि मुझे उनसे कभी प्यार नहीं हो पाया. मैं बस फर्ज निभा रहा हूं. माता-पिता ने शादी कराई है तो फर्ज निभा रहा हूं. उस बात का गिल्ट भी होता है. निरहुआ ने बताया कि वो ये बात पत्नी को बता भी चुके हैं.
निरहुआ ने अपनी बात समझाते हुए कहा कि वो अपने बच्चों को अपना जीवनसाथी चुनने की पूरी आजादी देंगे. वो बोले- मैं कभी भी अपने बच्चों के साथ वो नहीं करूंगा. मैं अपने परिवार के साथ हूं और अपने कर्तव्य पूरी शिद्दत से निभा रहा हूं. लेकिन, मैं नहीं चाहता कि मेरे बच्चों को ऐसा करना पड़े. मैं अपने बच्चों के साथ वो नहीं करूंगा जो मेरे साथ हुआ. मैं उन्हें अपना जीवनसाथी चुनने की पूरी आजादी दूंगा. मैं ये नहीं कहूंगा कि तुम्हें यही करना है या ऐसे ही करना है.
शादी को हुए 26 साल
निरहुआ उर्फ दिनेश लाल यादव की पत्नी मंशा यादव शोबिज से दूर रहना ही पसंद करती हैं. भोजपुरी स्टार संग उनकी शादी को 26 साल हो चुके हैं. साल 2000 में निरहुआ मंशा संग सात फेरों के बंधन में बंधे थे. कपल के दो बेटे और एक बेटी है. निरहुआ का नाम आम्रपाली संग जुड़ने पर भी कभी मंशा ने मीडिया में बात नहीं की. ऐसे में एक्टर का शादी को जिम्मेदारी बताने वाला बयान शॉकिंग माना जा रहा है.