बिहार में विधानसभा चुनाव की प्रक्रिया पूरी हो गई है, अब 10 नवंबर को नतीजों का इंतजार है. बिहार की चेनारी विधानसभा सीट पर इस बार 28 अक्टूबर को वोट डाले गए, यहां कुल 56.98% मतदान हुआ.
बिहार की चेनारी विधानसभा सीट (Chenari Assembly Seat) सासाराम लोकसभा क्षेत्र के अंर्तगत आती है. रोहतास जिले में आने वाली चेनारी विधानसभा सीट अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित है. चेनारी विधानसभा सीट पर वर्तमान में जेडीयू का कब्जा है. 2015 के विधानसभा चुनाव में ललन पासवान ने जीत का परचम लहराया था.
कब वोटिंग, कितने प्रत्याशी?
चेनारी विधानसभा सीट पर पहले चरण में 28 अक्टूबर को मतदान हुआ. जेडीयू (JDU) ने ललन पासवान को टिकट दिया है. ललन पासवान 2015 के विधानसभा चुनाव में आरएलएसपी के टिकट पर यहां से विधायक बने थे. महागठबंधन की ओर से कांग्रेस ने मुरारी प्रसाद गौतम को अपना उम्मीदवार बनाया है. वहीं एलजेपी (LJP) के टिकट पर चंद्रशेखर पासवान और बसपा (BSP) के टिकट पर श्याम बिहारी राम चुनावी मैदान में हैं.
बता दें कि इस साल बिहार विधानसभा चुनाव 3 चरणों में संपन्न हुए. पहले चरण के लिए 28 अक्टूबर, दूसरे चरण के लिए 3 नवंबर को वोट डाले गए. जबकि तीसरे यानी आखिरी चरण का चुनाव 7 नवंबर को हुआ. बिहार विधानसभा चुनाव के नतीजे 10 नवंबर को आएंगे.
चेनारी विधानसभा सीट का राजनीतिक समीकरण
कभी समाजवादियों व कांग्रेसियों का गढ़ रहे रोहतास जिले में अब चुनाव के तरीके बदल रहे हैं. जातिवाद व समाजवाद पर विकास की बात हावी है. चेनारी विधानसभा सीट का गठन 1962 में हुआ था. इस सीट पर अब तक हुए विधानसभा चुनावों में से 5 बार कांग्रेस का कब्जा रहा है. जबकि 3 बार जेडीयू और एक बार आरजेडी जीत हासिल करने में कामयाब रही है. वर्ष 2010 में जेडीयू के टिकट से श्याम बिहारी राम को जीत मिली थी. उन्होंने चेनारी सुरक्षित विधानसभा सीट से RJD प्रत्याशी ललन पासवान को हराया था. लेकिन 2015 के चुनाव में चेनारी सीट रालोसपा (RLSP) के खाते में चली गई. जहां 2010 के विधानसभा चुनाव में RJD के टिकट से हार चुके ललन पासवान रालोसपा का दामन थाम कर 2015 के चुनावी मैदान में उतरे. बदलते राजनीतिक घटनाक्रम के साथ रालोसपा के विधायक रहे ललन पासवान जेडीयू में चले गए. ऐसे में जेडीयू के ललन पासवान चेनारी सीट पर विधायक हुए.
सामाजिक ताना बाना
चेनारी विधानसभा सीट रोहतास जिले के अंर्तगत आती है. 2011 की जनगणना के अनुसार चेनारी की कुल जनसंख्या 432290 है. जिसमें 96.21% ग्रामीण जबकि 3.79% शहरी आबादी है. यहां की कुल आबादी में 22.16 फीसदी अनुसूचित जाति (SC) और 4.87 फीसदी अनुसूचित जनजाति (ST) है. 2019 की वोटर लिस्ट के अनुसार, चेनारी निर्वाचन क्षेत्र में 298688 मतदाता और 306 मतदान केंद्र हैं. 2015 में चेनारी विधानसभा क्षेत्र में 54.5% मतदान हुआ था.
2015 के चुनावी नतीजे
चेनारी विधानसभा सीट पर 2015 के विधानसभा चुनाव में मुकाबला काफी रोचक रहा था. इस सीट पर कुल 277549 मतदाताओं में से कुल 151067 वोटर्स ने मतदान किया था. RLSP (जो अब जेडीयू का हिस्सा है) के ललन पासवान ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी कांग्रेस प्रत्याशी मंगल राम को हराया था. ललन पासवान को 68148 वोट मिले थे जबकि मंगल राम के हिस्से में कुल 58367 वोट आए थे. वहीं, 8876 वोटों के साथ तीसरे नंबर पर नोटा और 5455 वोटों के साथ बसपा प्रत्याशी चौथे नंबर पर थे.
पूरे बिहार में कैसा रहा था पिछले चुनाव का नतीजा?
2015 के बिहार विधानसभा चुनाव में महागठबंधन (आरजेडी-जेडीयू-कांग्रेस) बनाम बीजेपी-एलजेपी मुकाबला हुआ था. विधानसभा की कुल 243 सीटों में से महागठबंधन के दलों को 178 सीटें हासिल हुई थीं. RJD को 80, जेडीयू को 71 और कांग्रेस को 27 सीटों पर जीत मिली थी. जबकि बीजेपी को सिर्फ 53 सीटें मिली थीं. वहीं सहयोगी एलजेपी को 2 सीटें मिली थीं.
विधायक ललन पासवान का रिपोर्ट कार्ड
1964 में बिहार के रोहतास जिले में जन्मे ललन पासवान ने 1981-83 में राजनीति में कदम रखा था. दलित छात्र आंदोलन के दौरान जेल भी गए. ललन पासवान दलित छात्र संघर्ष समिति के प्रदेश अध्यक्ष रहे हैं. इसके अलावा समता पार्टी के प्रदेश महासचिव और राष्ट्रीय लोक समता पार्टी के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष पद की भूमिका निभा चुके हैं.