पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने रविवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के उस बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया दी, जिसमें उन्होंने 2021 विधानसभा चुनाव के दौरान लगी उनकी चोट को लेकर टिप्पणी की थी. ममता ने कहा कि वे उनकी मेडिकल रिपोर्ट देख लें, जिसमें उनकी चोट की गंभीरता साफ दर्ज है.
दरअसल, अमित शाह ने टीएमसी सरकार के खिलाफ एक चार्जशीट जारी करते हुए ममता बनर्जी पर “हमेशा पीड़ित होने की राजनीति” करने का आरोप लगाया था. उन्होंने कहा था कि कभी वह अपनी चोट की बात करती हैं, तो कभी चुनाव आयोग को कोसती हैं, लेकिन अब बंगाल की जनता उनकी विक्टिम कार्ड वाली राजनीति को समझ चुकी है.
इस पर पलटवार करते हुए ममता बनर्जी ने एक चुनावी रैली के दौरान कहा, “वे कहते हैं कि मैं चुनाव के समय पट्टी बांधकर घूमती हूं. मैं कई बार मौत के मुंह से वापस लौटी हूं. जाकर डॉक्टर की रिपोर्ट देखिए."
ममता ने सवाल उठाते हुए कहा, “क्या आपने 2021 के चुनाव में जानबूझकर मेरे पैर को चोट पहुंचाई थी? मैंने व्हीलचेयर पर बैठकर प्रचार किया. क्या आप मुझे मारने की योजना बना रहे हैं?”
ममता बनर्जी ने उनकी सरकार के खिलाफ चार्जशीट जारी करने की बात पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उन्हें अपने “पुराने कर्मों” के लिए चार्जशीट जारी करना चाहिए, हालांकि उन्होंने इस दौरान अमित शाह का नाम नहीं लिया.
अपने संबोधन में ममता ने राज्य सरकार की विकास योजनाओं का जिक्र किया और आरोप लगाया कि अगर भाजपा सत्ता में आती है, तो महिलाओं के लिए चलाई जा रही ‘लक्ष्मी भंडार’ योजना को बंद कर दिया जाएगा और लोगों के खान-पान संबंधी प्राथमिकताओं पर भी पाबंदियां लगाई जाएंगी.
ममता बनर्जी का पलटवार
पिछले साल अमेरिका में डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन द्वारा अवैध प्रवासियों के खिलाफ कार्रवाई के तहत भारतीयों की डिपोर्टेशन का जिक्र करते हुए पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर निशाना साधा. उन्होंने कहा, "जब गुजरातियों को अमेरिका से कमर में रस्सी बांधकर वापस भेजा जा रहा था, तब आप कहां थे?"
डिपोर्ट होकर लौटे कई लोगों ने दावा किया था कि अमेरिका से भेजे जाने के दौरान उनके हाथ-पैर बांधे गए थे और भारत पहुंचने के बाद ही उनकी बेड़ियां खोली गईं.
वहीं, ममता बनर्जी ने खुद को सभी सीटों के लिए “उम्मीदवार” बताते हुए जनता से उन पर भरोसा जताने की अपील की. उन्होंने कहा, “आपको यह देखने की जरूरत नहीं है कि उम्मीदवार कौन है. मैं ही उम्मीदवार हूं. मुझ पर भरोसा करें और वोट दें."