scorecardresearch
 

महाराष्ट्र चुनाव: इंडिया ब्लॉक की मीटिंग के लिए आज मुंबई पहुंचेंगे अखिलेश यादव, सीट शेयरिंग पर होगी चर्चा

महाराष्ट्र चुनाव में सीट बंटवारे को लेकर 17 अक्टूबर को बांद्रा के सोफिटेल होटल में एमवीए नेताओं की मीटिंग हुई. इस मीटिंग में संजय राउत, नाना पटोले, विजय वडेट्टीवार, जितेंद्र अव्हाड, राजेश टोपे और सतेज पाटिल शामिल हुए.

Advertisement
X
अखिलेश यादव (फाइल फोटो)
अखिलेश यादव (फाइल फोटो)

समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) आज महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई जाएंगे और इंडिया ब्लॉक की मीटिंग में शामिल होंगे. महाराष्ट्र विधानसभा को लेकर सीटर शेयरिंग पर बातचीत होनी है, जिसके लिए आज फिर से इंडिया ब्लॉक की बैठक होने जा रही है. इस मीटिंग में महाराष्ट्र एसपी चीफ अबू आसिम आजमी भी मौजूद रहेंगे. उम्मीद जताई जा रही है कि गठबंधन को लेकर चल रही उठापटक इस मीटिंग के बाद खत्म हो जाएगी, क्योंकि पिछले कई दिनों से सीट शेयरिंग को लेकर रार जैसी स्थिति रही है.

मुंबई में आज होने जा रही मीटिंग में एनसीपी (SP), शिवसेना (UBT) और कांग्रेस के बड़े नेता शामिल होंगे.

33 सीटों पर MVA में सहमति
 
महाराष्ट्र चुनाव में सीट बंटवारे को लेकर 17 अक्टूबर को बांद्रा के सोफिटेल होटल में एमवीए नेताओं की मीटिंग हुई. इस मीटिंग में संजय राउत, नाना पटोले, विजय वडेट्टीवार, जितेंद्र अव्हाड, राजेश टोपे और सतेज पाटिल शामिल हुए. सूत्रों के मुताबिक, मुंबई की 36 में से 33 सीटों पर सहमति बन चुकी है. 15 कांग्रेस, 18 ठाकरे शिवसेना (UBT), 2 एनसीपी (SP) और 1 सीट समाजवादी पार्टी देने का फैसला लिया गया है. इसके अलावा तीन सीटें- कुर्ला, भायखला और अणुशक्ति नगर पर अभी पेच फंसा हुआ है.

अबू आसिम के बयान से सियासी सरगर्मी

17 अक्टूबर को हुई एमवीए की मीटिंग से पहले समाजवादी पार्टी की महाराष्ट्र यूनिट के चीफ अबू आसिम आजमी ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा था, "महाराष्ट्र में अगर महाविकास अघाड़ी का कोई भी पक्ष चाहे वो कांग्रेस हो, राष्ट्रवादी कांग्रेस (SP) या शिवसेना (UBT) हो, वो बिना समाजवादी पार्टी से बात किए या बिना विश्वास में लेते हुए विधानसभा के उम्मीदवारों की सूचि जारी करते हैं, तो इसका मतलब है की वह समाजवादी पार्टी को महाविकास अघाड़ी का हिस्सा नहीं मानते." 

Advertisement

उन्होंने आगे कहा कि समाजवादी पार्टी से बिना बात-चीत किए किसी भी पक्ष द्वारा उम्मीदवारों की घोषणा करना गलत होगा. महाविकास अघाड़ी का उद्देश्य सभी सेक्युलर पार्टियों को साथ रखना और सांप्रदायिक सरकार के खिलाफ लड़ना है.

यह भी पढ़ें: महाराष्ट्र चुनावः MVA में सीट शेयरिंग फॉर्मूला लगभग तय, इन 28 सीटों पर अब भी विवाद

अबू आसिम ने कहा कि ऐसी परिस्थितियों में, मैं हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से अनुमति चाहूंगा की महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव का परिणाम चाहे कुछ भी हो, समाजवादी पार्टी जिन विधानसभाओं में मजबूत है, ज्यादा से ज्यादा सीटों पर चुनाव लड़ना चाहेगी.

20 नवंबर को होंगे चुनाव

महाराष्ट्र की 288 विधानसभा सीटों के लिए 20 नवंबर को वोट डाले जाएंगे. नतीजे 23 नवंबर को घोषित किए जाएंगे. 

पिछले चुनाव में बीजेपी को 105, शिवसेना को 56, एनसीपी को 54 और कांग्रेस को 44 सीटें मिली थीं. हालांकि, चुनाव के बाद शिवसेना एनडीए से अलग हो गई और उसने एनसीपी-कांग्रेस के साथ मिलकर सरकार बना ली. शिवसेना के उद्धव ठाकरे मुख्यमंत्री बने.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement