scorecardresearch
 

एग्जिट पोल पर 'सियासी संग्राम'... बंगाल में TMC ने नकारे आंकड़े, तमिलनाडु में DMK को बड़ी जीत की उम्मीद

एग्जिट पोल के आंकड़ों ने पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु की सियासत में हलचल मचा दी है. तृणमूल कांग्रेस (TMC) ने बंगाल में बीजेपी को बढ़त दिखाने वाले एग्जिट पोल्स के अनुमानों को सिरे से खारिज कर दिया है. तमिलनाडु में द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (DMK) ने 180+ सीटें जीतने का दावा किया है. अब सबकी नजरें 4 मई को आने वाले आधिकारिक नतीजों पर टिकी हैं.

Advertisement
X
टीएमसी चीफ ममता बनर्जी और डीएमके चीफ एमके स्टालिन. (Photo: PTI)
टीएमसी चीफ ममता बनर्जी और डीएमके चीफ एमके स्टालिन. (Photo: PTI)

पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु विधानसभा चुनावों के एग्जिट पोल को लेकर सियासी बयानबाज़ी तेज हो गई है. तृणमूल कांग्रेस (TMC) के नेताओं ने उन एग्जिट पोल्स को खारिज कर दिया है, जिनमें भारतीय जनता पार्टी (BJP) को बढ़त दिखाई गई है. टीएमसी के राज्यसभा सांसद डेरेक ओ'ब्रायन ने एग्जिट पोल की विश्वसनीयता पर सवाल उठाते हुए कहा कि 2021 के पश्चिम बंगाल चुनाव में भी ये अनुमान पूरी तरह गलत साबित हुए थे. 

उन्होंने आंकड़े साझा करते हुए बताया कि उस समय एग्जिट पोल्स ने टीएमसी को 143-162 सीटें और बीजेपी को 115-147 सीटें दी थीं, जबकि वास्तविक नतीजों में टीएमसी ने 215 सीटें जीतकर भारी बहुमत हासिल किया था और बीजेपी 77 सीटों पर सिमट गई थी. टीएमसी के पूर्व राज्यसभा सदस्य साकेत गोखले ने भी कहा कि बंगाल में एग्जिट पोल अक्सर मुकाबले को ‘कड़ा’ बताते हैं, लेकिन यहां जनादेश हमेशा स्पष्ट होता है. उन्होंने दावा किया कि टीएमसी 4 मई को बड़े बहुमत के साथ सरकार बनाएगी.

हालांकि, कुछ एजेंसियों जैसे पीपुल्स पल्स और जनमत ने टीएमसी को बढ़त दी है. पीपुल्स पल्स ने टीएमसी को 177-187 सीटें और बीजेपी को 95-110 सीटें मिलने का अनुमान जताया है, जबकि जनमत ने टीएमसी को 195-205 सीटें और बीजेपी को 80-90 सीटें मिलने की संभावना जताई है. इसके उलट अधिकतर एजेंसियों ने बीजेपी को बढ़त दी है. 

Advertisement

यह भी पढ़ें: Exit Poll: विजय बने सियासत के नए सुपरस्टार... क्या दोहराएंगे MGR और NTR वाला इतिहास?

मैट्रिज ने बीजेपी को 146-161 सीटें और टीएमसी को 125-140 सीटें दी हैं. पी-मार्क ने बीजेपी के लिए 150-175 और टीएमसी के लिए 118-138 सीटों का अनुमान लगाया है. वहीं प्रजा पोल ने बीजेपी के 178-208 सीटों तक पहुंचने का अनुमान जताया है. पश्चिम बंगाल में कुल 294 विधानसभा सीटें हैं और बहुमत के लिए 148 सीटों की जरूरत होती है.

तमिलनाडु में भी एग्जिट पोल को लेकर सियासी हलचल तेज है, जहां अधिकतर एग्जिट पोल द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (DMK) की वापसी का संकेत दे रहे हैं, वहीं पार्टी ने 180 से ज्यादा सीटें जीतने का दावा किया है. डीएमके प्रवक्ता सरवनन अन्नादुरई ने कहा कि सभी एग्जिट पोल में उनकी जीत दिखाई जा रही है और यह एक कंजर्वेटिव अनुमान है. दूसरी ओर ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (AIADMK) ने एग्जिट पोल को खारिज करते हुए कहा कि जनता बदलाव का फैसला कर चुकी है और 4 मई को नतीजे साफ हो जाएंगे.

एआईएडीएमके के नेता आर.एम. बाबू मुरुगावेल ने कहा कि एग्जिट पोल तभी सही माने जा सकते हैं जब बड़े स्तर पर लोगों की राय ली जाए. एआईएडीएमके गठबंधन में शामिल बीजेपी ने भी दावा किया है कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) तमिलनाडु में सरकार बनाएगा. वहीं डीएमके के सहयोगी कांग्रेस ने भरोसा जताया है कि उनका गठबंधन सत्ता में वापसी करेगा. बता दें कि तमिलनाडु में इस बार 84.69 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया, जो आजादी के बाद से अब तक का सबसे अधिक है. राज्य में कुल 234 विधानसभा सीटें हैं और बहुमत का आंकड़ा 118 है. अब सभी की नजरें 4 मई को आने वाले आधिकारिक नतीजों पर टिकी हैं.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement