scorecardresearch
 

UP Board Exam: 10वीं-12वीं का एग्जाम आज... पेपर लीक की चर्चाओं को UP Board ने बताया अफवाह

उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की हाई स्कूल और इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षाएं 2026, 18 फरवरी से 12 मार्च तक आयोजित की जाएंगी. इस साल कुल 53,37,778 छात्र-छात्राएं परीक्षा में शामिल हो रहे हैं, जिनके लिए प्रदेश भर में 8,033 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं.

Advertisement
X
यूपी बोर्ड की परीक्षा के लिए राज्यभर में 8,033 एग्जाम सेंटर बनाए गए हैं (File Photo- ITG)
यूपी बोर्ड की परीक्षा के लिए राज्यभर में 8,033 एग्जाम सेंटर बनाए गए हैं (File Photo- ITG)

उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (UPMSP) की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षाएं आज 18 फरवरी से शुरू हो रही हैं. इससे ठीक पहले सोशल मीडिया पर पेपर लीक को लेकर उड़ रही अफवाहों पर बोर्ड ने सख्त रुख अपनाया है. बोर्ड ने कहा है कि कुछ असामाजिक तत्व सुनियोजित तरीके से अफवाह फैलाकर छात्रों और अभिभावकों को भ्रमित करने की कोशिश कर रहे हैं.

दरअसल, इस साल कुल 53,37,778 छात्र-छात्राएं परीक्षा में शामिल हो रहे हैं, जिनके लिए प्रदेश भर में 8,033 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं. उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की हाई स्कूल और इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षाएं 2026, 18 फरवरी से 12 मार्च तक आयोजित की जाएंगी.

इस बीच पेपर लीक की अफवाहों को लेकर उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद ने बड़ा बयान जारी किया है. परिषद ने कहा है कि कुछ असामाजिक तत्व सुनियोजित तरीके से अफवाह फैलाकर छात्रों और अभिभावकों को भ्रमित करने की कोशिश कर रहे हैं. बोर्ड ने छात्रों से अपील की है कि वे इन अफवाहों पर ध्यान न दें और पूरी एकाग्रता के साथ परीक्षा की तैयारी करें.

बोर्ड ने स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया पर पेपर लीक से जुड़ी खबरें पूरी तरह भ्रामक हैं. परिषद ने बताया कि अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई के लिए साइबर सेल को तहरीर दे दी गई है. अधिकारियों ने कहा कि परीक्षा की पारदर्शिता बनाए रखने के लिए कड़े सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं.

Advertisement

परीक्षा केंद्रों पर कड़ी निगरानी

राज्यभर में 8,033 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें सरकारी, सहायता प्राप्त और स्ववित्तपोषित विद्यालय शामिल हैं. सभी केंद्रों पर दो सीसीटीवी कैमरे, वॉयस रिकॉर्डर और हाई-स्पीड इंटरनेट की व्यवस्था की गई है, जिससे वेबकास्टिंग के जरिए लाइव निगरानी की जाएगी. इसके अलावा 69 मंडलीय और 440 जिला स्तरीय मोबाइल स्क्वॉड तैनात किए गए हैं. 18 जिलों को संवेदनशील घोषित किया गया है, जबकि 222 परीक्षा केंद्र अति संवेदनशील और 683 संवेदनशील श्रेणी में रखे गए हैं.

सीएम योगी ने छात्रों को दी शुभकामनाएं

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने परीक्षार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि परीक्षा केवल शैक्षणिक योग्यता का ही नहीं बल्कि धैर्य, अनुशासन और आत्मविश्वास का भी परीक्षण होती है. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "मेरे प्रिय विद्यार्थियो, उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल एवं इण्टरमीडिएट की बोर्ड परीक्षाएं प्रारंभ हो रही हैं. आप सभी को मेरा शुभाशीष. परीक्षाएं केवल आपकी शैक्षणिक योग्यता का मूल्यांकन नहीं हैं, बल्कि यह आपके धैर्य, अनुशासन और आत्मविश्वास की भी परीक्षा है. मां सरस्वती की कृपा आप सभी पर बनी रहे."

हेल्पलाइन नंबर भी जारी

परीक्षाओं की निगरानी के लिए लखनऊ में राज्य स्तरीय कंट्रोल रूम बनाया गया है. छात्रों और अभिभावकों की मदद के लिए टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 18001806607 और 18001806608 जारी किए गए हैं. बोर्ड और सरकार ने छात्रों से अपील की है कि वे अफवाहों से दूर रहकर आत्मविश्वास के साथ परीक्षा दें और किसी भी संदिग्ध सूचना की तुरंत शिकायत करें.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement