बीएनपी के नेता तारिक रहमान बांग्लादेश के नए पीएम बन चुके हैं. ऐसे में लोग जानना चाहते हैं कि इस पद के साथ उन्हें क्या-क्या लाभ और विशेषाधिकार मिलेंगे. उनकी सैलरी कितनी होगी और क्या सुख-सुविधाएं मिलेंगी.
बांग्लादेश की न्यूज वेबसाइट बीडी न्यूज 24 के मुताबिक, प्रधानमंत्री के वेतन और भत्ते का प्रधानमंत्री (पारिश्रमिक एवं विशेषाधिकार) अधिनियम द्वारा तय किया जाता है. इस कानून के तहत, प्रधानमंत्री को प्रति माह 115,000 टका के सैलरी मिलती है. इसके अलवा उन्हें प्रति माह 100,000 टका का मकान किराया का भत्ता भी मिलेगा.
वेतन के अलावा मिलती हैं ये सुविधाएं
बांग्लादेश के पीएम को 3000 टका हर दिन परिवहन भत्ता के तौर पर दिया जाता है. इसके साथ ही विदेश की आधिकारिक यात्राओं का वहन भी सरकारी खजाने से होता है. उनके और उनके परिवार के लिए सुविधाजनक परिवहन का ख्याल भी सरकारी पैसे से होता है.
प्रधानमंत्री के आधिकारिक कार्यकाल में मनोरंजन से संबंधित सभी खर्चों को भी सरकार वहन करती है. साथ ही प्रधानमंत्री के आवास और कार्यालय के बीच यात्रा का पूरा खर्च भी राज्य सरकार वहन करेगी.पीएम को 25 लाख टका का हवाई यात्रा बीमा कवरेज भी मिलता है. सरकार उनके आवास पर बिजली, गैस, पानी, टेलीफोन और अन्य यूटिलिटी बिलों का भुगतान भी करेगी.
यह भी पढ़ें: बांग्लादेश की संसद की बनावट में ऐसा क्या है... जिस वजह ये दुनियाभर में है खास!
बांग्लादेश में एक मंत्री की सैलरी 105000 टका, राज्य मंत्री की सैलरी 92000 टका और एक उपमंत्री का वेतन 86 हजार 500 टका है.इसके अलावा उन्हें सांसदों को मिलने वाले अन्य भत्ते और लाभ भी दिए जाते हैं.
सांसदों को मिलने वाले लाभ और भत्ते
बांग्लादेश के सांसदों को 55000 टका मासिक वेतन मिलता है. इसके अलावा 5000 टका मनोरंजन भत्ता, ऑफिस के लिए 15 हजार टका, परिवहन भत्ता के तौर पर 70 हजार टका, कपड़े धोने के लिए 1500 टका, निर्वाचन क्षेत्र के प्रबंधन के लिए 12500 टका और अन्य खर्चों के लिए 6000 टका दिया जाता है. इसके अलावा सांसदों को 120,000 टका प्रतिवर्ष परिवहन भत्ता के दौर पर दिया जाता है. संसदीय बैठकों में हिस्सा लेने के लिए प्रतिदिन 800 टका और हर दिन यात्रा के लिए 200 टका का प्रावधान है.