scorecardresearch
 

मुंबई में ड्रग फैक्ट्री का भंडाफोड़, मस्जिद के मुखिया का भाई निकला ड्रग्स सरगना

मुंबई के मालवणी और मनोरी इलाके में मीरा भयंदर क्राइम ब्रांच ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 14 करोड़ रुपये की ड्रग्स और रॉ मटेरियल बरामद किया है. इस मामले में मस्जिद प्रशासन के मुखिया के भाई समेत 10 आरोपी गिरफ्तार किए गए हैं. पढ़ें पूरी कहानी.

Advertisement
X
इस मामले में क्राइम ब्रांच की जांच जारी है (फोटो-ITG)
इस मामले में क्राइम ब्रांच की जांच जारी है (फोटो-ITG)

मुंबई के मालवणी और मनोरी आइलैंड इलाके में मीरा भयंदर वसई विरार (MBVV) क्राइम ब्रांच ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ड्रग फैक्ट्री और ड्रग्स वेयरहाउस का भंडाफोड़ किया है. इस कार्रवाई में अब तक करीब 14 करोड़ रुपये की ड्रग्स और ड्रग्स बनाने में इस्तेमाल होने वाला भारी मात्रा में रॉ मटेरियल बरामद किया गया है. पुलिस ने इस मामले में 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. 

क्राइम ब्रांच की जांच में सबसे चौंकाने वाली बात यह सामने आई कि ड्रग्स नेटवर्क का मुख्य आरोपी अकरम खान निकला, जो मालवणी इलाके का रहने वाला है. पुलिस के मुताबिक अकरम खान वरिष्ठ राजनीतिक लोगों के संपर्क में रहता था और उसी पर ड्रग्स फैक्ट्री चलाने तथा नेटवर्क ऑपरेट करने का आरोप है. अकरम खान का भाई अजमल खान मालवणी की एक मस्जिद का मुखिया बताया जा रहा है, जिससे पूछताछ भी की गई, लेकिन फिलहाल उसके खिलाफ कोई सबूत नहीं मिलने पर उसे छोड़ दिया गया.

पुलिस को फैक्ट्री से कई खतरनाक केमिकल और रॉ मटेरियल भी बरामद हुए हैं. इनमें सोडियम हाइड्रॉक्साइड पेलेट्स, हाइड्रोक्लोरिक एसिड, एसीटोन, क्लोराइड, मिथाइलएमीन और क्लोरोफार्म जैसे केमिकल शामिल हैं. ये सभी केमिकल आमतौर पर इंडस्ट्रियल कामों, पेंट रिमूवर, बाथरूम क्लीनिंग, कीटनाशक और दवाइयों के निर्माण में इस्तेमाल होते हैं. पुलिस का मानना है कि इन्हीं केमिकल्स का इस्तेमाल करके आरोपी ड्रग्स तैयार कर रहे थे.

Advertisement

जांच एजेंसियों के मुताबिक तैयार की गई ड्रग्स को मुंबई और आसपास के इलाकों में सप्लाई किया जा रहा था. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि यह नेटवर्क कितने समय से सक्रिय था और इसकी सप्लाई चेन किन-किन राज्यों तक फैली हुई थी. साथ ही आरोपियों के राजनीतिक संपर्कों और फंडिंग नेटवर्क की भी जांच की जा रही है. पुलिस को शक है कि इस रैकेट से कई बड़े लोग जुड़े हो सकते हैं.

MBVV पुलिस आयुक्तालय के अंतर्गत आने वाली क्राइम ब्रांच यूनिट-4 ने इस कार्रवाई को बड़ी सफलता माना है. पिछले कुछ महीनों से MBVV पुलिस लगातार ड्रग्स माफियाओं के खिलाफ अभियान चला रही है. अलग-अलग इलाकों में छापेमारी कर करोड़ों रुपये की ड्रग्स और गांजा बरामद किया जा चुका है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि ड्रग्स तस्करों की कमर तोड़ने के लिए लगातार ऑपरेशन जारी रहेगा.

दरअसल इस पूरे नेटवर्क का खुलासा तब हुआ जब बीते महीने नयानगर पुलिस स्टेशन क्षेत्र में स्थित छेड़ा आदर्श बिल्डिंग में ड्रग्स कारोबार की गुप्त सूचना पुलिस को मिली थी. इसके बाद क्राइम ब्रांच यूनिट-4 के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक प्रमोद बड़ाक की टीम ने डीसीपी संदीप डायफोड़े के मार्गदर्शन में छापा मारा. इस कार्रवाई में फिरदौश अरबाज कुरैशी नाम की महिला को गिरफ्तार किया गया, जिसके पास से करीब 3 करोड़ रुपये की MD ड्रग्स बरामद हुई थी.

Advertisement

महिला आरोपी की गिरफ्तारी के बाद उसका पति अरबाज वकील कुरैशी फरार हो गया था. पुलिस ने लगातार पूछताछ और तकनीकी जांच के आधार पर मुंबई के अलग-अलग इलाकों और गुजरात से फरार चल रहे अरबाज कुरैशी समेत कुल 9 अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया. इन आरोपियों के पास से करीब 11 करोड़ रुपये की ड्रग्स बरामद हुई. अब पुलिस इस पूरे ड्रग्स सिंडिकेट की जड़ तक पहुंचने और उससे जुड़े बाकी लोगों की तलाश में जुटी हुई है.

(साथ में प्रवीण नलावडे का इनपुट)

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement