यूपी के कानपुर में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है. यहां एक लालची महिला ने अपने ससुर को बीच सड़क पर गिरा कर पीटा. इस मामले में पीड़ित ने आपबीती सुनाई है. उधर, किसी का भी खून खौला देने वाली इस घटना का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है.
गौरतलब है कि महानगर के काकादेव में रहने वाले अरुण कुमार तिवारी के दो बेटे हैं. उनका अपना मकान है, जिसमें दो बेटे भी परिवार के साथ रहते हैं.
पैसों और मकान पर है बहू की नजर
अरुण के मुताबिक नौकरी से रिटायरमेंट के बाद उन्हें करीब 10 लाख रुपये मिले थे. इन्हें पैसों पर बहू अर्चना की नजर है. वो दस लाख रुपये और मकान जबरदस्ती अपने नाम लिखवाना चाहती है.
पटकने के बाद मेरे सीने पर बैठ गई
उन्होंने आगे बताया, "पैसे और मकान को लेकर बहू मारपीट करती है. इसी महीने 8 तारीख को उसने मुझसे दस लाख रुपये की मांग की. मना करने पर उसने अपनी बहन को बुलाकर मुझे बीच सड़क पर मारा-पीटा. सड़क पर पटकने के बाद वो मेरे सीने पर बैठ गई. इतना ही नहीं मेरा मोबाइल तोड़ डाला".
बहुत दबंग है बहू, सबको परेशान करती है
पीड़ित का कहना है कि अर्चना बहुत दबंग है. पूरे परिवार को परेशान करती है. 1 साल पहले भी उनके साथ मारपीट कर चुकी है. उसने घर के सीसीटीवी कैमरे भी तोड़ डाले थे, जिस पर उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई.
पीड़ित ने पुलिस कमिश्नर से की शिकायत
पीड़ित ने पुलिस कमिश्नर से बहू के खिलाफ शिकायत की है. जिस पर कमिश्नर ने जांच के आदेश दिए हैं. इस पूरे प्रकरण को लेकर एसीपी काकादेव मृगांग शेखर ने कहा है कि बुजुर्ग ने अपनी बहू के खिलाफ शिकायत दी है. जांच कर कार्रवाई की जाएगी.