सोनीपत साइबर थाना पुलिस ने क्रिप्टोकरेंसी में मोटा मुनाफा दिलाने का लालच देकर लोगों से लाखों रुपये की ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है. इस मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार सभी आरोपी करनाल जिले के रहने वाले हैं और सोशल मीडिया के माध्यम से लोगों को ठगी का शिकार बना रहे थे.
पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरोह में शामिल एक महिला सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए लोगों से संपर्क करती थी और उन्हें कम समय में ज्यादा मुनाफा दिलाने का झांसा देती थी. महिला लोगों का विश्वास जीतकर उन्हें क्रिप्टोकरेंसी में निवेश करने के लिए तैयार करती थी और फिर उनसे अलग-अलग बैंक खातों में पैसे ट्रांसफर करवा लेती थी.
यह भी पढ़ें: सोनीपत: गैंगस्टर काला जठेड़ी के गांव में दिनदहाड़े फायरिंग, आपसी रंजिश में अशोक उर्फ भूरा को मारी गोलियां
टेलीग्राम के जरिए बनाया शिकार, शिकायत पर खुला मामला
इस पूरे मामले का खुलासा तब हुआ जब रमेश नाम के एक व्यक्ति ने सोनीपत साइबर थाना में शिकायत दर्ज कराई. शिकायत में रमेश ने बताया कि टेलीग्राम के माध्यम से एक महिला ने उनसे संपर्क किया और क्रिप्टोकरेंसी में निवेश कर मोटा मुनाफा दिलाने का वादा किया. इसके बाद महिला ने उनसे लाखों रुपये ट्रांसफर करवा लिए और बाद में संपर्क बंद कर दिया.
शिकायत मिलने के बाद साइबर थाना पुलिस ने तुरंत कार्रवाई शुरू की और मामले की जांच की. जांच के दौरान पुलिस को गिरोह के चार सदस्यों के बारे में जानकारी मिली, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया. शुरुआती जांच में यह भी सामने आया है कि गिरोह ने कई लोगों को अपना शिकार बनाया है.
पुलिस ने 9 लाख रुपये से ज्यादा की रकम करवाई सीज
पुलिस पीआरओ रविंद्र कुमार ने बताया कि कार्रवाई के दौरान आरोपियों के बैंक खातों में जमा करीब 9 लाख रुपये से ज्यादा की रकम को सीज कर दिया गया है, ताकि ठगी की राशि सुरक्षित रखी जा सके. इसके अलावा आरोपियों के कब्जे से हजारों रुपये की नगदी भी बरामद की गई है.
गिरफ्तारी के बाद सभी आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है. पुलिस का कहना है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इस गिरोह से जुड़े अन्य लोग कौन हैं और इसके तार कहां-कहां जुड़े हुए हैं. पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर किसी भी अनजान लिंक को ओपन न करें और लालच में आकर पैसे ट्रांसफर न करें.