
पाकिस्तान में इन दिनों ड्रग्स क्वीन पिंकी का मामला सुर्खियों में है. अनमोल उर्फ पिंकी नाम की इस महिला को कराची पुलिस ने बड़े ड्रग्स नेटवर्क चलाने के आरोप में गिरफ्तार किया है. गिरफ्तारी के बाद उसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसमें वह अदालत में बेहद बेखौफ अंदाज में दिखाई दी थी. इसी वीडियो के बाद पाकिस्तान की राजनीति में भी हलचल मच गई थी.
कौन है कोकीन क्वीन पिंकी?
अनमोल उर्फ पिंकी को पाकिस्तान में कोकीन क्वीन और क्वीन मैडम पिंकी के नाम से भी जाना जाता है. पुलिस के मुताबिक वह कराची, लाहौर और इस्लामाबाद जैसे बड़े शहरों में फैले हाई-प्रोफाइल ड्रग्स सिंडिकेट की मुख्य सरगना थी. उसका नेटवर्क खासतौर पर अमीर लोगों, कॉलेज स्टूडेंट्स और पार्टी सर्कल्स तक कोकीन पहुंचाता था. जांच एजेंसियां अब उसके पूरे नेटवर्क की परतें खोलने में जुटी हैं.
बताया जा रहा है कि पिंकी मूल रूप से पाकिस्तान के बलूचिस्तान इलाके की रहने वाली है. उसने कराची आकर मॉडलिंग की दुनिया में करियर बनाने की कोशिश की थी. लेकिन हाई-प्रोफाइल पार्टियों और ड्रग्स कल्चर के संपर्क में आने के बाद वह धीरे-धीरे नशीले पदार्थों के कारोबार में शामिल हो गई. बाद में उसने अपना अलग ड्रग्स नेटवर्क खड़ा कर लिया था.
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, जांच एजेंसियों का दावा है कि पिंकी पिछले करीब 17 सालों से कराची में ड्रग्स का कारोबार चला रही थी. वह बेहद आधुनिक तरीके से अपना नेटवर्क ऑपरेट करती थी. पुलिस के अनुसार उसके गिरोह में महिला कूरियर का इस्तेमाल किया जाता था ताकि किसी को शक न हो. ग्राहक व्हाट्सएप के जरिए ऑर्डर देते थे और फिर ड्रग्स सीधे उनके घर तक पहुंचाई जाती थी.
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पिंकी खुद अपने नेटवर्क की गुणवत्ता को लेकर काफी घमंड करती थी. पाकिस्तानी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक उसने दावा किया था कि पाकिस्तान में उससे बेहतर कोकीन कोई नहीं बनाता. उसके नेटवर्क में 'व्हाइट' और 'गोल्डन स्टफ' नाम से हाई क्वालिटी कोकीन बेची जाती थी. इसकी कीमत 25 हजार से 45 हजार रुपये प्रति ग्राम तक बताई जाती है.
पिंकी की गिरफ्तारी
कराची पुलिस ने 12 मई 2026 को एक बड़े ऑपरेशन के दौरान पिंकी को गिरफ्तार किया. छापेमारी के दौरान उसके पास से भारी मात्रा में ड्रग्स और केमिकल बरामद किए गए. पुलिस ने बताया कि उसके कब्जे से कोकीन हाइड्रोक्लोराइड, केटामाइन हाइड्रोक्लोराइड, इफेड्रिन हाइड्रोक्लोराइड, एसीटोन और बेकिंग पाउडर मिला था. इसके अलावा करीब 7 किलो कच्चा केमिकल और 1.5 किलो तैयार कोकीन भी जब्त की गई.
जांच एजेंसियों के मुताबिक बरामद सामग्री का इस्तेमाल कोकीन तैयार करने और उसे प्रोसेस करने में किया जाता था. पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल थे. वित्तीय लेनदेन, विदेशी कनेक्शन और सप्लाई चैन की भी जांच की जा रही है. अधिकारियों का मानना है कि यह नेटवर्क केवल कराची तक सीमित नहीं था.

कोकीन क्वीन को वीआईपी ट्रीटमेंट!
पिंकी की गिरफ्तारी के बाद सबसे ज्यादा चर्चा उसके अदालत में पेश होने के तरीके को लेकर हुई. कोर्ट में पेशी के दौरान वह बिना हथकड़ी के दिखाई दी. उसने काला चश्मा पहन रखा था और वह मोबाइल फोन इस्तेमाल करती भी नजर आई. सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद पाकिस्तान में सवाल उठने लगे कि आखिर एक ड्रग्स आरोपी को इतना वीआईपी ट्रीटमेंट क्यों दिया गया.
इस पूरे मामले में पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठे. वीडियो सामने आने के बाद पाकिस्तान पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया. आरोप था कि उन्होंने आरोपी के साथ नियमों के खिलाफ विशेष व्यवहार किया. विपक्षी दलों और सोशल मीडिया यूजर्स ने इसे प्रभावशाली लोगों से जुड़े नेटवर्क का नतीजा बताया.
पिंकी ने लिया पूर्व PM का नाम
इस मामले ने उस समय और तूल पकड़ लिया जब अदालत में पेशी के दौरान पिंकी ने कथित तौर पर पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री राजा परवेज़ अशरफ का नाम लिया. वायरल वीडियो में वह राजा परवेज़ बोलती सुनाई दी, हालांकि आसपास के शोर के कारण पूरी बात साफ नहीं सुनाई दी. इसके बाद पाकिस्तान में राजनीतिक विवाद शुरू हो गया.
पूर्व प्रधानमंत्री राजा परवेज़ अशरफ ने इन आरोपों को पूरी तरह खारिज कर दिया है. पाकिस्तान की नेशनल असेंबली में बोलते हुए उन्होंने कहा कि उन्होंने हमेशा बेदाग जिंदगी जी है. उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो देखकर वह खुद हैरान रह गए थे. अशरफ ने दावा किया कि उनके खिलाफ लगाए गए आरोप बेबुनियाद हैं.
राजा परवेज़ अशरफ ने यह भी कहा कि किसी भी व्यक्ति को अदालत में दोष साबित होने से पहले अपराधी नहीं माना जाना चाहिए. उन्होंने मीडिया ट्रायल की आलोचना करते हुए कहा कि चल रही जांच पर जिम्मेदारी से रिपोर्टिंग होनी चाहिए. पूर्व प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि जरूरत पड़ने पर वह किसी भी आधिकारिक जांच में सहयोग करने के लिए तैयार हैं.
इस बीच एक और वीडियो सामने आया, जिसमें पिंकी के वकील ने दावा किया कि उस पर कुछ नेताओं के नाम लेने का दबाव बनाया जा रहा था. पाकिस्तानी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक अदालत में पेशी के दौरान पिंकी ने भी कहा था कि वह दबाव में है. हालांकि इन दावों की अब तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और जांच एजेंसियां पूरे मामले की जांच कर रही हैं.
फिलहाल, पाकिस्तान पुलिस ने साफ किया है कि मामले की जांच अभी जारी है और कई पहलुओं की पड़ताल की जा रही है. अब तक सार्वजनिक रूप से ऐसा कोई सबूत सामने नहीं आया है जो पूर्व प्रधानमंत्री राजा परवेज़ अशरफ को इस ड्रग्स नेटवर्क से सीधे जोड़ता हो. लेकिन ड्रग्स क्वीन पिंकी का मामला पाकिस्तान में अपराध, राजनीति और वीआईपी कल्चर को लेकर बड़ी बहस का मुद्दा बन चुका है.